पटना के अटल पथ पर दुस्साहस: बुलेट सवार अधिवक्ता से झपट्टा मारकर छीना मोबाईल,दीघा थाने में FIR दर्ज

राजधानी पटना के वीआईपी रूट अटल पथ पर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अधिवक्ता अरुण कुमार जब अपनी बुलेट से दानापुर कोर्ट जा रहे थे, तभी मरीन ड्राइव-अटल पथ गोलंबर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार मोबाइल झपट लिया

पटना के अटल पथ पर अधिवक्ता से झपट्टा मारकर छीना मोबाईल- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वीआईपी इलाके बेली रोड और अटल पथ के समीप का है, जहां अपराधियों ने कानून के रखवाले को ही अपना निशाना बना डाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना के कल्पतरु नगर (बेली रोड) निवासी और पेशे से अधिवक्ता अरुण कुमार दिनांक 06 जून 2026 को सुबह करीब 10:35 बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से व्यवहार न्यायालय दानापुर में केस की पैरवी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मरीन ड्राइव रोड से अटल पथ की ओर बढ़ने के क्रम में, अटल पथ-मरीन ड्राइव गोलंबर से लगभग 500 मीटर पूर्व, एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।


झपट्टा मारकर छीना ₹30,000 से अधिक का फोन, बाल-बाल बची जान

अधिवक्ता अरुण कुमार द्वारा दीघा थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन के मुताबिक, जब वे अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उनके शर्ट की ऊपरी पॉकेट पर झपट्टा मारा। अपराधी उनके पॉकेट से OPPO F-29 5G स्मार्टफोन (कीमत करीब ₹30,000 से अधिक) छीनकर फरार होने में सफल रहे। पीड़ित ने बताया कि झपट्टा मारने के दौरान वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पूरी तरह असंतुलित हो गए थे। गनीमत रही कि वे सड़क पर गिरे नहीं, अन्यथा तेज रफ्तार वाले इस मार्ग पर कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी और उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।


सीसीटीवी कैमरे और स्पीड मीटर के बावजूद फरार हुए 25-30 वर्ष के लुटेरे

शिकायतकर्ता ने आवेदन में घटना से जुड़े कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुरागों का भी जिक्र किया है। पीड़ित के अनुसार, वारदात वाले स्थान से कुछ ही दूरी पर 'लिंक रोड' है, जहां प्रशासन की ओर से स्पीड मीटर और सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पीड़ित ने बताया कि बाइक पर सवार दोनों अपराधियों की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच थी। बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने सफेद रंग का कपड़ा पहन रखा था, जबकि दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था। सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद इस व्यस्त मार्ग पर ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देना पटना पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


दीघा थाने में मामला दर्ज, एएसआई सुबोध पाठक को सौंपी गई जांच

इस मामले को लेकर पटना पुलिस अब एक्शन में नजर आ रही है। पीड़ित अधिवक्ता अरुण कुमार के लिखित आवेदन पर दीघा थाने में आधिकारिक रूप से संज्ञान ले लिया गया है। तस्वीर में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पुलिस ने इस शिकायत को दिनांक 06/06/2026 को पंजीकृत किया है, जिसका कांड नंबर 495/26 दर्ज है। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 304 (2) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए  ASI सुबोध पाठक (ASI Subodh Pathak) को इस पूरे कांड का जांच अधिकारी (Investigating Officer) नियुक्त किया गया है, जिन्हें मामले की त्वरित जांच कर अपराधियों को दबोचने की जिम्मेदारी दी गई है।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार