पटना के राजेंद्र नगर में वाहन जांच के दौरान दो संदिग्ध गिरफ्तार, देसी पिस्टल और खोखा बरामद
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने भाग रहे दो संदिग्ध युवकों को खदेड़कर पकड़ा। तलाशी में बिना नंबर प्लेट की बुलेट, एक देसी पिस्टल और खोखा बरामद हुआ है।
पटना जिले में अपराध नियंत्रण के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 में रविवार देर शाम 'रोको-टोको' अभियान के दौरान चेकिंग कर रही पुलिस को देखकर बुलेट सवार दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी में देसी पिस्टल और खोखा बरामद
गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों की तलाशी के दौरान बिना नंबर प्लेट की बुलेट चला रहे युवक अमित की कमर से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा खोखा बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली बुलेट बाइक को भी जब्त कर लिया है।
लोहानीपुर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान अमित और रोहित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी कदमकुआं थाना क्षेत्र के लोहानीपुर स्थित रेलवे हंटर रोड के निवासी बताए गए हैं।
हथियार के स्रोत और आपराधिक इतिहास की जांच जारी
इस मामले को लेकर टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद देसी पिस्टल वे कहां से लेकर आए थे, पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। साथ ही दोनों युवकों के पूर्व के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट