पटना में 'मिशन रिवेंज': पुरानी दुश्मनी में पहले कराया नशा, फिर गला दबाकर तारा को उतारा मौत के घाट!

Patna News: पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र के पीरदमड़िया में 21 वर्षीय युवक तारा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुरानी दुश्मनी में नशा कराकर हत्या की बात कबूल की

टना में 21 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या, मुख्य आरोपी सुमित कुमार गिरफ्तार- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना के मालसलामी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान 'तारा' के रूप में हुई है, जो पीरदमड़िया इलाके का रहने वाला था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना कल शाम करीब 7:30 बजे की है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आला अधिकारी तुरंत एक्शन मोड में आ गए।


सिटी एसपी के नेतृत्व में बनी टीम, मुख्य आरोपी सुमित गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित भी उसी पीरदमड़िया इलाके का निवासी है जहाँ का मृतक रहने वाला था।


नशा कराकर उतारा मौत के घाट, पुरानी दुश्मनी का था मामला

गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी सुमित कुमार ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसकी तारा (मृतक) के साथ पुरानी दुश्मनी चल रही थी और तारा ने पहले भी दो बार उसे जान से मारने की कोशिश की थी। इसी का बदला लेने के लिए सुमित ने कल शाम तारा को पहले नशा कराया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।


एक अन्य साथी फरार, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस हत्याकांड में अपने एक अन्य साथी के शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस ने देर रात उस सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मालसलामी थाने में इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी तफ्तीश और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्ट - रजनीश कुमार