Bihar News : कजरा सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का एमडी विशाल राज ने किया निरीक्षण, द्वितीय चरण को जनवरी 2027 तक पूर्ण करने का दिया निर्देश

Bihar News : बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विशाल राज ने 'कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली' परियोजना का व्यापक जमीनी निरीक्षण किया.....पढ़िए आगे

Bihar News : कजरा सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का एमडी विशाल राज ने क
कजरा सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का निरीक्षण - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विशाल राज ने आज, 03 जुलाई 2026 को राज्य की महत्वाकांक्षी एवं प्रतिष्ठित कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली परियोजना का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान कंपनी के निदेशक (तकनीकी), विद्युत अधीक्षण अभियंता तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत वर्तमान में संचालित ऑपरेशनल एक्सेप्टेंस टेस्ट (Operational Acceptance Test - OAT) की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परीक्षण कार्य की प्रगति, प्रणाली की कार्यकुशलता, सुरक्षा मानकों तथा निर्धारित तकनीकी मानदंडों का गहन आकलन किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से परीक्षण की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्राप्त की।

इसके बाद प्रबंध निदेशक ने परियोजना के द्वितीय चरण के निर्माण कार्य की प्रगति का भी स्थल पर जाकर मूल्यांकन किया। समीक्षा के दौरान उन्हें विभिन्न निर्माण गतिविधियों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। उल्लेखनीय है कि परियोजना के द्वितीय चरण के वाणिज्यिक संचालन की निर्धारित तिथि जनवरी 2027 है। प्रबंध निदेशक विशाल राज ने कार्यस्थल पर ही ई.पी.सी. संवेदक तथा परियोजना से जुड़ी तकनीकी टीम को समयबद्ध तरीके से निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

यह परियोजना बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद राज्य में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा बिजली आपूर्ति प्रणाली की विश्वसनीयता और स्थिरता को और मजबूती मिलेगी। साथ ही बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के माध्यम से बिजली की उपलब्धता को अधिक प्रभावी और निर्बाध बनाने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उल्लेखनीय है कि कजरा परियोजना देश की प्रमुख बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली ( BESS) आधारित सौर परियोजनाओं में से एक है, जिसमें पहले चरण में 185 मेगावाट सौर ऊर्जा एवं 282 MWh भंडारण क्षमता विकसित की गई है। दूसरे चरण के पूर्ण होने पर जनवरी 2027 तक कुल 301 मेगावाट सौर ऊर्जा और 523 MWh भंडारण क्षमता हासिल होगी।