पटना में दुस्साहस: घर में घुसकर 12 साल के मासूम पर चाकू से हमला, गले पर वार कर अपराधी फरार

पटना के दनियावां में घर में बैठे एक 12 वर्षीय बच्चे पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल बच्चे को गंभीर हालत में PMCH रेफर किया गया है।

Patna - राजधानी पटना के पटनासिटी इलाके से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अपराधियों ने घर की दहलीज लांघकर एक मासूम को अपना निशाना बनाया। मामला दनियावां थाना क्षेत्र का है, जहां 12 वर्षीय सूरज कुमार (पिता सुदर्शन सिंह) अपने घर में शांति से बैठा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक घर में प्रवेश किया और बिना कुछ सोचे-समझे सूरज के गले पर चाकू से जोरदार वार कर दिया। 

गंभीर हालत में PMCH रेफर

चाकू के प्रहार से मासूम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। हमले के बाद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है। फिलहाल मासूम की हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

पुलिस की जांच और थानाध्यक्ष का बयान

घटना की सूचना मिलते ही दनियावां पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। दनियावां थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला बेहद गंभीर है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। घर में घुसकर हमला करने के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण, इसका पता लगाया जा रहा है। 

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े घर में घुसकर मासूम पर हुए इस हमले से पूरे दनियावां क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जल्द से जल्द हमलावर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट - रजनीश