Patna Cyber Fraud News: 10 लाख का होम लोन आते ही 5 लाख पार! पटना में बैंक खाते से सेंधमारी, जांच में जुटी साइबर पुलिस

पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में शातिरों ने एक 53 वर्षीय व्यक्ति के बैंक खाते में होम लोन का पैसा आते ही उसमें से पांच लाख रुपये से अधिक की रकम गायब कर दी। पीड़ित ने पटना साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय और पैसे वापसी की गुहार लगाई

पटना में होम लोन आते ही खाते से 5 लाख से ज्यादा गायब, साइबर थाने में शिकायत दर्ज- फोटो : news 4 nation AI

बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खेमनीचक के बृजमोहन सिंह पथ (रोड नंबर-2)निवासी 53 वर्षीय महादेव राय के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 5 लाख रुपये से अधिक की रकम गायब कर दी। पीड़ित का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बिरला मंदिर शाखा में है, जिसमें होम लोन के 10 लाख रुपये आए थे। महादेव राय ने बताया कि बीते 19 नवंबर की रात करीब 10:00 बजे से 10:30 बजे के बीच अज्ञात ठगों ने बिना उनकी जानकारी के 5,00,778.11 रुपये की अवैध निकासी कर ली।


दो दिन बाद बैंक जाने पर हुआ ठगी का खुलासा

पीड़ित को रात में हुई इस अवैध निकासी की भनक तुरंत नहीं लग सकी। जब वे 21 नवंबर को बिरला मंदिर स्थित अपनी बैंक शाखा पहुंचे और खाते की जांच की, तब उन्हें होम लोन की राशि से पांच लाख 778 रुपये निकलने का पता चला।


1930 हेल्पलाइन और साइबर थाने में शिकायत

ठगी का अहसास होते ही महादेव राय ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने 21 नवंबर को पटना साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की कार्रवाई शुरू करने की गुहार लगाई।


आवेदन के आधार पर पुलिस की छानबीन शुरू

पीड़ित की शिकायत और लिखित आवेदन के आधार पर पटना साइबर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अवैध निकासी के माध्यम, लेनदेन के विवरण और साइबर ठगों की पहचान को लेकर छानबीन कर रही है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट