पटना में साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन! बाल यौन शोषण से जुड़े कंटेंट मामले में युवक गिरफ्तार, दो मोबाइल जब्त
पटना साइबर थाना पुलिस ने आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री तैयार करने, रखने और सोशल मीडिया के जरिए शेयर करने के आरोप में औरंगाबाद निवासी जॉन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पटना के बाजार समिति इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।
बिहार की राजधानी पटना में बाल यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने, रखने और सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजपुर निवासी जॉन कुमार के रूप में हुई है। वह पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को साइबर हेल्पलाइन पर इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी स्तर पर जांच शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर और दो ई-मेल आईडी सामने आए। पुलिस को इन डिजिटल माध्यमों के जरिए बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने और साझा किए जाने की जानकारी मिली।
CDR और लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर के ग्राहक आवेदन प्रपत्र (CAF) और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद साइबर थाने की विशेष टीम बहादुरपुर इलाके में पहुंची। ज्योतिनगर कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित तीनमुहानी के पास पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जॉन कुमार बताया।
दो स्मार्टफोन जब्त, फॉरेंसिक जांच से खुलेंगे राज
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब दोनों मोबाइल फोन का डेटा रिकवर कर उनकी फॉरेंसिक जांच करा रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी हो सकती है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी साइबर थाना पुलिस
पटना साइबर थाना पुलिस अब मामले से जुड़े डिजिटल नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की कड़ियां खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री कहां से प्राप्त की जा रही थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी के बाद साइबर अपराध से जुड़े ऐसे मामलों पर पुलिस की निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है।
पटना से अनिल कुमार की रिपोर्ट