Patna Theft Case: दीवार फांदकर नवनिर्मित मकान से उड़ाए लाखों के तार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात!

राजधानी पटना से सटे दानापुर की द्वारकापुरी कॉलोनी में चोरों ने एक नवनिर्मित मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के वायरिंग तार और मशीनें चोरी कर लीं। दीवार फांदकर घुसे चोरों की पूरी करतूत सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।

बेदानापुर में खौफ चोरों का आतंक, दीवार फांदकर घर में घुस ले गए कीमती सामान- फोटो : Reporter

राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के द्वारकापुरी कॉलोनी (रोड नंबर-1, वार्ड संख्या-8) में बेखौफ चोरों ने एक नवनिर्मित मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मकान में घुसकर वहां रखे लाखों रुपये मूल्य के वायरिंग तार और कीमती मशीनें पार कर दीं। घटना की यह पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।


सुबह खुला वारदात का राज

चोरी की इस घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब गृहस्वामी प्रवीण कुमार ने अपने मकान का दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर वे दंग रह गए; कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था और वायरिंग के तार व मशीनें गायब थीं। प्रवीण कुमार के अनुसार, रविवार देर रात तीन चोर मकान की बाउंड्री वॉल (दीवार) फांदकर अंदर दाखिल हुए थे और पूरी तसल्ली से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।


पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

पीड़ित गृहस्वामी ने घटना के तुरंत बाद डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना दी और स्थानीय थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की गतिविधियों को ट्रैक कर उनकी सटीक पहचान की जा सके।


स्थानीय लोगों में दहशत, पुलिस का जल्द गिरफ्तारी का दावा

दानापुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से स्थानीय निवासियों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं, जिससे पुलिसिया गश्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं। दूसरी ओर, मामले की जांच कर रही पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार