Didarganj Police Custody Escape: हाजत से भागा चोरी का आरोपी, एक पकड़ा गया, दूसरा फरार

राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र से बड़ी लापरवाही सामने आई है! लोहा चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी अमन साहनी थाना हाजत से शौच के दौरान पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने एक अन्य आरोपी को दबोच लिया, लेकिन अमन की तलाश जारी है।

पटना में पुलिस कस्टडी से भागा कैदी- फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना के सुरक्षित होने के दावों के बीच दीदारगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोहा चोरी के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया एक आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया, जिससे स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


लोहा चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना सिटी के सबलपुर गांव निवासी अमन साहनी पिता- धर्मवीर साहनी के रूप में हुई है। उसे लोहा चोरी के मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रंगे हाथों धर दबोचा था और सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से थाने की हाजत में बंद किया गया था।


सुबह शौच के दौरान होमगार्ड को धक्का देकर भागा

रविवार की सुबह करीब 5 बजे ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान ने अमन साहनी और एक अन्य आरोपी को शौच के लिए हाजत से बाहर निकाला। इसी दौरान दोनों ने हथकड़ी लगने से पहले ही जवान को जोरदार धक्का दिया और चकमा देकर फरार हो गए। तुरंत हरकत में आई पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को तो दबोच लिया, लेकिन अमन साहनी भागने में सफल रहा।


संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी

थाना हाजत से आरोपी के फरार होने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपी अमन साहनी के सबलपुर स्थित आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा।