औरंगाबाद दौरे पर पहुंचे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश: देव सूर्य मंदिर में की पूजा-अर्चना, पंचायत चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश रविवार को औरंगाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने जिले विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने
Aurangabad : शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी (आठवें दिन) के पावन अवसर पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश औरंगाबाद पहुंचे। जिले की सीमा में प्रवेश करने पर बारुण, सीरीस, टेंगरा, जोगिया और जसोइया समेत कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं और अंगवस्त्रों से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके पश्चात मंत्री विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
'नवरात्र नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संदेश देता है'
देव सूर्य मंदिर में दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि नवरात्र का यह पावन समय चारों तरफ नई ऊर्जा, आशा और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है। उन्होंने माँ दुर्गा और भगवान सूर्य से प्रार्थना की कि प्रदेश में विकास की गति निरंतर बनी रहे तथा समाज में शांति, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
पंचायत चुनाव पर स्पष्टीकरण: 'परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगी आगे की तैयारी'
मीडिया द्वारा पंचायत चुनाव से जुड़े सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में पंचायतों में परिसीमन का कार्य तेजी से चल रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही पंचायत चुनाव की विधिवत प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सरकार का मुख्य प्रयास है कि परिसीमन, आरक्षण निर्धारण और चुनाव से जुड़ी अन्य सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों।
ऑफ कैमरा बातचीत में उन्होंने यह भी जोड़ा कि परिसीमन और चुनाव से जुड़ी ये तमाम प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आती हैं, इसलिए किसी निश्चित समयसीमा पर तुरंत टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य त्रिस्तरीय पंचायतों को और अधिक सशक्त बनाना तथा ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुलभ करना है, जिसके तहत पंचायत सरकार भवन आम जनता के लिए स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन रहे हैं।
दीनानाथ की रिपोर्ट