पटना जिला न्यायालय को मिला धमकी भरा ई-मेल: खालिस्तान समर्थक संगठन से जुड़े होने का दावा, 18 जून 2027 तक बड़े नुकसान की चेतावनी
Patna : पटना जिला एवं सत्र न्यायालय को प्राप्त एक ई-मेल के बाद प्रशासनिक हलकों में भारी हड़कंप मच गया है। इस ई-मेल में किसी खालिस्तान समर्थक संगठन से जुड़े होने का दावा किया गया है, जिसमें शहीद निज्जर की हत्या का बदला लेने और पटना में बम धमाके करने जैसी गंभीर धमकियां दी गई हैं।
आधिकारिक मेल पर फॉरवर्ड किया गया आपत्तिजनक संदेश
सामने आए दस्तावेजों के मुताबिक, यह संदिग्ध ई-मेल 18 सितंबर 2026 को पटना जिला न्यायालय से जुड़े आधिकारिक मेल आईडी पर फॉरवर्ड किया गया था। इस ई-मेल में कनाडा की संसद और भारत-कनाडा से जुड़े विभिन्न संदर्भों का हवाला देते हुए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
18 जून 2027 तक बड़े नुकसान की चेतावनी
धमकी भरे इस संदेश में आगामी 18 जून 2027 तक 400 गोलियां चलाने और लोगों को भारी नुकसान पहुंचाने जैसी बातों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इसके अलावा, संदेश के भीतर तथाकथित “Khalistan National Army” और कनाडा से जुड़े कुछ अन्य नामों का भी जिक्र किया गया है।
शीर्ष अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को भेजी गई सूचना
मामले की संवेदनशीलता को पूरी तरह ध्यान में रखते हुए इस ई-मेल की जानकारी तत्काल डीजीपी कार्यालय, एसएसपी पटना, पटना के जिलाधिकारी तथा पीरबहोर थाना समेत तमाम संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद खुलेगा राज
फिलहाल यह आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमकी देने वाला शख्स या समूह वास्तव में उन्हीं संगठनों से संबंध रखता है जिनका ई-मेल में दावा किया गया है। पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियों की गहन छानबीन के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक सच्चाई सामने आ सकेगी।
अनिल की रिपोर्ट