भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान, मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे 3 महीने का वेतन
नितिन नवीन ने कहा, राज्यसभा सांसद के रूप में मैं भी अपने तीन महीने के वेतन की राशि, ₹6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करता हूँ।
Bihar News : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं पुनर्वास के लिए अपने तीन महीनों का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने के ऐलान किया. पटना निवासी नितिन नवीन ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुँचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, राज्यसभा सांसद के रूप में मैं भी अपने तीन महीने के वेतन की राशि, ₹6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करता हूँ। राज्य सरकार द्वारा बाढ़ से प्रभावित परिवारों को ₹7,000 प्रति परिवार की वित्तीय सहायता के रूप में कुल ₹550 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की गई है। राहत शिविरों, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाओं और पशु चारे की व्यवस्था के साथ NDRF एवं SDRF की टीमें बचाव कार्यों में तैनात हैं। किसानों की फसल क्षति का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने कहा, केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। हम सभी बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारजनों के साथ पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं।
गौरतलब है कि बिहार के करीब आधे जिले बाढ़ से प्रभावित रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार करीब 50 लोग फ़िलहाल बाढ़ प्रभावित हैं। विशेषकर गंगा के बहाव क्षेत्रों में इस बार कई जिले गंगा के बाढ़ में डूब गये.