Durga Puja Pandal Fire Safety Patna:दुर्गा पूजा में आग से बचाव की विशेष तैयारी,चिन्हित पंडालों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे दमकलकर्मी
पटना में दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। मानकों की जांच के बाद एनओसी दी जा रही है तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में दमकल गाड़ियां और विशेष बाइक-दस्ता तैनात रहेगा।
राजधानी पटना में दुर्गा पूजा को लेकर भव्य पूजा पंडालों का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में है और तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस वर्ष भी शहर भर में पूजा समितियों द्वारा सैकड़ों आकर्षक व भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं, जहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिहार अग्निशमन विभाग ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
पंडालों का गहन निरीक्षण, मानकों को पूरा करने पर दिया जा रहा प्रमाणपत्र
अग्निशमन विभाग की विशेष टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर निर्माणाधीन पूजा पंडालों का गहन निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान पंडालों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, बिजली की वायरिंग, आपातकालीन निकास (Emergency Exit) और अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता जैसे सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने वाले पंडालों को विभाग द्वारा एनओसी व प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा है, जबकि पूजा समिति के सदस्यों व स्वयंसेवकों को आग से बचाव और आपात स्थितियों से निपटने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अधिक भीड़ वाले पंडालों की विशेष निगरानी, दमकल गाड़ियों की होगी तैनाती
अग्निशमन विभाग द्वारा शहर के प्रमुख और अधिक भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों को चिन्हित कर एक विस्तृत सुरक्षा सूची तैयार की जा रही है। इन चिन्हित स्थलों पर 24 घंटे छोटे और बड़े अग्निशमन वाहनों (Fire Tenders) के साथ प्रशिक्षित दमकलकर्मियों की तैनाती रहेगी। इस व्यवस्था से किसी भी संभावित अप्रिय घटना या आपात स्थिति के समय बिना समय गंवाए तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।
संकरी गलियों के लिए बाइक-दमकल तैयार, आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी मदद
इसके अलावा, पटना की संकरी गलियों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थित पंडालों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की गई है। इसके तहत आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और वॉटर मिस्ट तकनीक से लैस 'फायर फाइटिंग बाइक्स' पर सवार कर्मियों को तैनात किया जाएगा। यह बाइक दस्ता संकरे रास्तों से आसानी से गुजरकर आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में सक्षम होगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट