Patna Dussehra 2026: गांधी मैदान में जिला प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग, डीएम और एसएसपी ने दिए सुरक्षा और यातायात के कड़े निर्देश

पटना में दशहरा और दुर्गा पूजा को लेकर डीएम और एसएसपी ने गांधी मैदान में संयुक्त ब्रीफिंग की। रावण दहन, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।

पटना में दुर्गा पूजा और रावण दहन की तैयारियां तेज डीएम और एसएसपी ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश- फोटो : Reporter

दशहरा और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा द्वारा गांधी मैदान में एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग की गई। इस दौरान सभी प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहकर पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।


विधि-व्यवस्था और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आसपास की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पंडालों और मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन तथा आवागमन में किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।


गांधी मैदान में रावण दहन और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर

आगामी 20 अक्टूबर को गांधी मैदान में आयोजित होने वाले भव्य रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रवेश और निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी रखने तथा भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। इसके अलावा, शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित ट्रैफिक प्लान का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को जाम की समस्या से दो-चार न होना पड़े।


गांधी मैदान में सभी आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

गांधी मैदान स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरे, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अग्निशमन सेवा, प्राथमिक उपचार केंद्र और चिकित्सा सुविधाओं जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। भवन निर्माण विभाग को मंच और बैरिकेडिंग मजबूत करने तथा नगर निगम को मैदान परिसर में साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की कमी न रहे।


जिले के अन्य सभी स्थलों पर भी सुरक्षा और नियंत्रण के कड़े इंतजाम

पटना जिले के अन्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित होने वाले रावण दहन व दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के लिए भी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (दूरभाष: 2219810, 2219234), पुलिस नियंत्रण कक्ष (मोबाइल: 9031825979) और आपातकालीन सेवा डायल 112 चौबीस घंटे कार्यरत रहेगा।


उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में तैयारियों की अंतिम समीक्षा

इस उच्चस्तरीय ब्रीफिंग और निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात सागर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कृतिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ इस महापर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराएंगे।

पटना से अनिल की रिपोर्ट