पटना में आबकारी विभाग की छापेमारी के दौरान भगदड़, महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का भारी बवाल
पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र स्थित अख्तियारपुर मुसहरी में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुँची आबकारी विभाग की टीम के कारण मची भगदड़ में एक महिला की गिरकर मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन किया
Patna - पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर मुसहरी में सोमवार को आबकारी विभाग (Excise Department) की छापेमारी के दौरान मची भगदड़ ने हिंसक रूप ले लिया। छापेमारी के दौरान भागने के क्रम में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा।
छापेमारी में मची भगदड़ और महिला की मौत
जानकारी के अनुसार, सोमवार को आबकारी विभाग की टीम शराब निर्माण और बिक्री की सूचना पर अख्तियारपुर मुसहरी में छापेमारी करने पहुँची थी। पुलिस की अचानक दस्तक से मुसहरी में भगदड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी में लक्ष्मीनीया देवी नामक महिला भागने के क्रम में गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
महिला की मौत की खबर फैलते ही मुसहरी के लोग आगबबूला हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए और बिक्रम-दुल्हिनबाजार मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साए लोग आबकारी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी पंकज कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर चंद्रिका प्रसाद, बिक्रम थानाध्यक्ष प्रभात कुमार और अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने उत्तेजित ग्रामीणों को न्याय का भरोसा दिलाया। मौके पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित कुमार और पिंटू कुमार ने भी मध्यस्थता की।
समझा-बुझाकर हटाया गया जाम
पुलिस के आला अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा काफी देर तक दी गई समझाइश के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इसके बाद घंटों बाधित रहा सड़क यातायात बहाल हो सका।
जांच के घेरे में आबकारी विभाग की कार्रवाई
ग्रामीणों का आरोप है कि छापेमारी के दौरान नियमों की अनदेखी की गई, जिससे यह दुखद घटना घटी। फिलहाल, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रख रहा है।
report - sumit kumar