पटना में दिनदहाड़े लूट: व्यवसायी से गन पॉइंट पर 4.5 लाख की लूट, विरोध करने पर बट से किया हमला

राजधानी पटना से सटे फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस, हथियार के बल पर व्यवसायी से साढ़े चार लाख रुपये लूटे, विरोध करने पर हमला कर किया घायल। पुलिस गश्त पर उठे सवाल, जांच शुरू।

पटना के फतुहा हथियार के बल पर व्यवसायी से साढ़े चार लाख रुपये लूटे- फोटो : Reporter

राजधानी पटना से सटे फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार की दोपहर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक व्यवसायी से साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फतुहा का यह इलाका लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के कारण सुर्खियों में बना हुआ है।


ओवरटेक कर रोकी बाइक, कनपटी पर तानी पिस्तौल

घटना के शिकार पटना के बुद्धा कॉलोनी निवासी व सिक्यूरिटी एजेंसी संचालक प्रभुशंकर ने बताया कि वे फतुहा स्थित नेशनल प्लास्टिक कंपनी के कामगारों को वेतन देने जा रहे थे। जब वे दोपहर करीब 2 बजे श्री प्लाई कंपनी के पास पहुंचे, तो दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक अपराधी ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और बाकी बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया।


विरोध करने पर बट से किया हमला, चेहरा नहीं था ढका

पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्तौल के बट से उन पर जानलेवा प्रहार कर दिया, जिससे उनका हेलमेट टूट गया और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि किसी भी बदमाश ने अपना चेहरा नहीं ढका था और वे आपस में स्थानीय बोली में बात कर रहे थे।


सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सीधा आक्रोश जताया है। लोगों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस की गश्ती न के बराबर है और सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा के दावों की पूरी तरह पोल खोलकर रख दी है।


जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पटना सिटी से रजनीश की रिपोर्ट