पटना पुलिस ने चोरी की दो बाइक के साथ दो शातिर चोरों को दबोचा, बड़े गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना

पटना की पीरबहोर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनो आरोपी छपरा जिले के निवासी बताए गए है.....

पटना पुलिस ने चोरी की दो बाइक के साथ दो शातिर चोरों को दबोचा
दो बाइक चोर गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। काली घाट मोड़ के समीप चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों की मुस्तैदी से यह सफलता मिली, जिससे इलाके में सक्रिय वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।


पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, जवानों ने खदेड़कर पकड़ा 

मिली जानकारी के अनुसार, पीरबहोर पुलिस टीम काली घाट मोड़ के पास वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। उसी समय काली घाट मोड़ की तरफ से दरभंगा हाउस रोड की ओर दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते दिखे। पुलिस बल को सामने देखते ही दोनों युवकों ने घबराकर अपनी-अपनी बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, वहां तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बिना समय गंवाए घेराबंदी की और दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया।


सारण जिले के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी 

पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान चंद्रमोहन सिंह और अरविंद कुमार (उम्र करीब 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी मूल रूप से सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस टीम दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले आई, जहां उनके पास से बरामद दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर की पुलिस रिकॉर्ड से गहन जांच की गई।


सत्यापन में चोरी की निकलीं दोनों मोटरसाइकिलें 

पुलिस द्वारा जब दोनों वाहनों का आधिकारिक सत्यापन कराया गया, तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। बरामद पहली बाइक पीरबहोर थाना कांड संख्या 693/26 के तहत चोरी की दर्ज पाई गई। वहीं, दूसरी बाइक पीरबहोर थाना कांड संख्या 694/26 के तहत दर्ज वाहन चोरी के मामले से संबंधित निकली।


पूछताछ में मिले सुराग, अंतरप्रांतीय गिरोह के खुलासे की उम्मीद 

पीरबहोर थाना पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा की जा रही कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों से वाहन चोरी के सिंडिकेट से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पकड़े गए युवकों के सुराग के आधार पर पटना और आसपास के जिलों में सक्रिय एक बड़े वाहन चोर गिरोह का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट