फतुहा में नशीली दवा का बड़ा भंडाफोड़: वेयरहाउस से 22 हजार से ज्यादा कोडीन कफ सिरप की बोतलें जब्त

पटना के फतुहा स्थित एक वेयरहाउस से पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप के 149 कार्टन (22,850 बोतलें) जब्त किए हैं। रांची से पार्सल के जरिए लाई गई इस खेप के तस्करों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

फतुहा के वेयरहाउस में छापेमारी, प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद- फोटो : Reporter

पटना जिले के फतुहा-दनियावां रोड पर स्थित डिलीवरी लिमिटेड के वेयरहाउस में मद्यनिषेध एवं उत्पाद स्वापक इकाई और फतुहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वेयरहाउस में नशीली और प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप की एक बड़ी खेप पहुंची है। सूचना के तुरंत बाद गठित टीम ने वेयरहाउस के सिक्योरिटी मैनेजर के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाया और मौके से प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप को जब्त कर लिया।


रांची से आई थी पार्सल खेप, भनक लगते ही तस्कर ने बंद किया मोबाइल

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नशे की यह प्रतिबंधित खेप झारखंड की राजधानी रांची से पार्सल के जरिए भेजी गई थी। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए संबंधित ग्राहक को फोन कर पार्सल रिसीव करने के लिए कहा। आरोपी ने फोन पर खुद न आकर गाड़ी और अपने आदमी को भेजने की बात कही, लेकिन जैसे ही उसे इलाके में पुलिस की मुस्तैदी और छापेमारी की भनक लगी, उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया और फरार हो गया।


149 कार्टन में 22 हजार से अधिक बोतलें जब्त, करीब 2285 लीटर कफ सिरप

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में कुल 149 कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 2,285 लीटर आंकी गई है। इसमें ESKUF कफ सिरप के 99 कार्टन से 100 एमएल की 14,850 बोतलें और WIKSY कफ सिरप के 50 कार्टन से 8,000 बोतलें (कुल 22,850 पीस) शामिल हैं। बाजार में इस प्रतिबंधित नशीली सिरप की कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।


फतुहा थाने में प्राथमिकी दर्ज, गिरोह की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी

इस पूरे मामले में फतुहा थाने में कांड संख्या 625/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में फतुहा थाना पुलिस के साथ-साथ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद स्वापक इकाई और सशस्त्र बलों की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पार्सल भेजने और मंगाने वाले तस्करों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पटना सिटी से रजनीश की रिपोर्ट