पटना में महिला कांस्टेबल के पति की खुदकुशी मामले में नया मोड़! पिता ने बताई वजह

पटना में महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी की सर्विस रिवाल्वर से पति राज आर्या के खुदकुशी मामले में पिता ने बयान दर्ज कराया। पिता के अनुसार बेटा मानसिक तनाव में था। पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पटना में महिला कांस्टेबल के पति की खुदकुशी मामले में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार- फोटो : Reporter

पटना में महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी की सर्विस रिवाल्वर से उनके पति राज आर्या द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे, जिसके बीच पुलिस ने मृतक के पिता अर्जुन चौधरी का बयान दर्ज किया है। पिता द्वारा दी गई जानकारी के बाद पुलिस को आत्महत्या की वजहों को समझने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा मिली है।


कई महीनों से मानसिक तनाव में था युवक, पिता ने बहू पर नहीं लगाया कोई आरोप

पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता अर्जुन चौधरी ने बताया कि उनका बेटा राज आर्या पिछले कई महीनों से काफी परेशान था और गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था। पिता के अनुसार इसी दिमागी परेशानी के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। खास बात यह है कि पिता ने अपनी बहू और महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी पर किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है, जिसके बाद पुलिस फिलहाल आत्महत्या के पहलू को केंद्र में रखकर जांच कर रही है।


पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, घटनास्थल से खोखा बरामद

मामले की जांच कर रहे अपर थानाध्यक्ष वरुण कुमार ने बताया कि घटना से जुड़ी कई अहम कड़ियों को जोड़ने के लिए पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से चली हुई गोली का खोखा बरामद किया है और वहां मौजूद अन्य साक्ष्यों को भी फोरेंसिक जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और कई महत्वपूर्ण तथ्य पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेंगे।


घर पहुंचा शव तो परिजनों में मचा कोहराम, गमगीन हुआ माहौल 

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने राज आर्या का शव परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही जवान बेटे का शव घर पहुंचा, पूरे परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस अप्रत्याशित हादसे से पूरा परिवार और इलाका गहरे सदमे में है। हालांकि घटना से जुड़े कई सवाल अब भी बने हुए हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि वे हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर पूरी निष्पक्षता से जांच आगे बढ़ा रहे हैं।

ऋषिकेश की रिपोर्ट