Patna Gandhi Maidan Entry Banned: पटना के गांधी मैदान में आज से आम लोगों की एंट्री बंद, पटना डीएम का आदेश, जानिए कब तक प्रवेश वर्जित
Patna Gandhi Maidan Entry Banned: पटना के गांधी मैदान में आज से आम लोगों की एंट्री बैन हो गई है। आम लोगो अब अगले कुछ दिनों तक गांधी मैदान नहीं जा सकेंगे। आइए जानते हैं कि आखिर इसके पीछे का कारण क्या है...
Patna Gandhi Maidan Entry Banned: पटना के गांधी मैदान में आज से आम लोगों की एंट्री बंद कर दी गई। आम लोग 17 से 20 नवंबर तक गांधी मैदान में नहीं जा सकेंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इसको लेकर आधिकारिक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में आम लोगों की एंट्री को बैन किया गया है। माना जा रहा है कि इस बार भव्य शपथग्रहण समारोह का आयोजन होना है। पीएम मोदी सहित कई वरिष्ठ नेता इस समारोह में शामिल होंगे।
आज से गांधी मैदान बंद
जानकारी अनुसार, गांधी मैदान में समारोह के लिए विशाल मंच, सुरक्षा व्यवस्थाएं और हजारों लोगों के बैठने की तैयारी की जा रही है। समारोह में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। गांधी मैदान के बंद होने के बाद आसपास के इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को सख्त किया गया है, जबकि आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। नई एनडीए सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
गांधी मैदान में शपथग्रहण समारोह
इस बार शपथग्रहण समारोह राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। बड़े जनादेश का जश्न आम जनता के बीच मनाने के उद्देश्य से सरकार ने खुले मैदान में शपथग्रहण करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री और चुनिंदा मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं देशभर के शीर्ष एनडीए नेतृत्व की मौजूदगी में शपथ लेंगे। समारोह गुरुवार को होने की संभावना है और तिथि का अंतिम फैसला सोमवार को प्रधानमंत्री कार्यालय की सहमति के बाद तय किया जाएगा।
2015 में भी गांधी मैदान में हुआ था शपथग्रहण समारोह
यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार गांधी मैदान में शपथ लेने वाले हों। वर्ष 2015 में भी महागठबंधन को मिले प्रचंड बहुमत के बाद उन्होंने इसी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जिसमें देशभर के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इस बार भी एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद समारोह को भव्य स्वरूप देने की तैयारी चल रही है।