Bihar News:भितिहरवा में वीवीआईपी मूवमेंट अलर्ट, उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले हाई-सिक्योरिटी जोन बना गांधी आश्रम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

Bihar News:भितिहरवा गांधी आश्रम में 4 अप्रैल को प्रस्तावित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के दौरे को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।

High Security at Bhitiharwa Ashram Ahead of VP Visit
उपराष्ट्रपति का बिहार दौरा - फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड स्थित भितिहरवा गांधी आश्रम में 4 अप्रैल को प्रस्तावित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के दौरे को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इलाके को पूरी तरह “हाई-अलर्ट जोन” में तब्दील कर दिया गया है, जहां हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे या साजिश को लेकर बेहद सतर्क हैं। आश्रम परिसर और उसके आसपास के इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। तीन अस्थायी हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उपराष्ट्रपति का आगमन और प्रस्थान बिना किसी बाधा के हो सके।

तैयारियों का जायजा लेने खुद जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, डीआईजी हरकिशोर राय और एसपी डॉ. शौर्य सुमन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और सुरक्षा से जुड़े हर पहलू को बारीकी से परखा।

आश्रम को वार मोड में सजाया-संवारा जा रहा है साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का काम अंतिम चरण में है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां लगातार मॉक ड्रिल और चेकिंग अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे।

डीएम तरनजोत सिंह ने साफ कहा कि उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम प्रस्तावित है और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर मूवमेंट की मॉनिटरिंग की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के लोगों और आगंतुकों से अपील की है कि वे सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। क्योंकि इस बार भितिहरवा सिर्फ ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि सिक्योरिटी का किला बन चुका है जहां हर नजर चौकस है और हर कदम पर निगरानी जारी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार