पटना में देर रात सनसनीखेज वारदात! गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमा इलाका,अंधाधुंध फायरिंग में युवती व युवक को लगी गोलिया; हालत गंभीर

एक फ्लैट में चल रही देर रात की पार्टी के दौरान नशे की हालत में विवाद के बाद अंधाधुंध फायरिंग हो गई। इस गोलीबारी में मुस्कान शर्मा नाम की युवती और विनायक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती

पटना में अंधाधुंध फायरिंग में युवती व युवक को लगी गोलिया- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना के गोला रोड स्थित एक फ्लैट में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कथित तौर पर यहां चल रही एक देर रात की पार्टी के दौरान अचानक गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी में मुस्कान शर्मा नाम की एक युवती और विनायक नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पार्टी में शामिल युवकों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।


नशे की हालत में कहासुनी के बाद भड़की हिंसा

शुरुआती जानकारी और पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की रात फ्लैट में कथित पार्टी चल रही थी जिसमें कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान नशे की हालत में युवती के कथित बॉयफ्रेंड और घायल विनायक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते तू-तू, मैं-मैं इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर किसी ने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पार्टी का माहौल अफरा-तफरी और चीख-पुकार में बदल गया। 


युवती को कमर में लगी गोली, युवक को दागीं तीन गोलियां

इस अचानक हुई गोलीबारी में युवती मुस्कान शर्मा की कमर में गोली लग गई, जबकि विनायक को भी गोलिया लग गईं। सूत्रों के मुताबिक विनायक को तीन गोलियां लगी हैं, जिससे उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। दोनों घायलों का अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है, जहां विनायक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।


पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस सुबह सबेरे हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने फ्लैट से साक्ष्य जुटाए हैं और पार्टी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी करने वाले मुख्य आरोपी और युवती के कथित बॉयफ्रेंड की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। पुलिस इनपुट के अनुसार घटना में घायल विनायक कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। ये पटना के चर्चित किंग्स ऑफ़ पटना नामक बाइकर्स गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है।