पटना में 'डबल मर्डर' पर कोहराम: रिसेप्शन पार्टी में दो भाइयों की हत्या के विरोध में NH जाम, घंटों मचा बवाल

पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के विरोध में सोमवार को परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने नेशनल हाईवे (NH) को घंटों जाम रखा और जमकर बवाल काटा।

Patna - रविवार की देर रात पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर इलाके में खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब अपराधियों ने दो सहोदर भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी । दोनों भाई एक रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने आए थे, जहाँ उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई । इस दोहरे हत्याकांड ने पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पोस्टमार्टम के बाद सड़क पर उतरा जन-आक्रोश

सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद जैसे ही परिजन और ग्रामीण वापस लौटे, उनका गुस्सा चरम पर पहुँच गया । परिजनों ने रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के जगनपुरा बायपास रोड (फतुहा-पटना मुख्य मार्ग NH) पर शवों को बीच सड़क पर रख दिया और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया 

घंटों बाधित रहा नेशनल हाईवे

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए । इस सड़क जाम के कारण NH पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक ठप रहा । स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

पुलिस की समझाइश और यातायात बहाल

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ सदर ASP अभिनव मौके पर पहुँचे । उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया । पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद ही लोग सड़क से हटने को तैयार हुए, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका 

पुलिस को अपराधियों की खुली चुनौती

पटना में हाल के दिनों में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। एक तरफ जहाँ कदमकुआं के नाला रोड पर दिन-दहाड़े लूट की घटना हुई, वहीं गोपालपुर में हुए इस दोहरे हत्याकांड ने अपराधियों के बेखौफ होने का प्रमाण दिया है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयानों का सहारा ले रही है।

Report - anil kumar