‘पटना से दिल्ली तक सुनाई देगी जीत की धमक’... नामांकन के बाद विरोधियों पर बरसे नीरज, सम्राट-निशांत को बताया ‘राम-लक्ष्मण’
नीरज कुमार ने कहा कि इस बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में होने वाली उनकी जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं होगी, बल्कि यह राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनेगी। उन्होंने कहा कि इस जीत की “धमक पटना से दिल्ली तक” सुनाई देगी।
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान एनडीए ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए नीरज कुमार के समर्थन में अपनी ताकत दिखाई। नामांकन कार्यक्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत एनडीए के कई नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद नीरज कुमार ने अपने विरोधियों पर बिना नाम लिए निशाना साधा और अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए।
नीरज कुमार ने कहा कि इस बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में होने वाली उनकी जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं होगी, बल्कि यह राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनेगी। उन्होंने कहा कि इस जीत की “धमक पटना से दिल्ली तक” सुनाई देगी। नीरज ने कहा कि राजनीति में कोई व्यक्ति किस मुकाम तक पहुंचा है, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना यह देखना है कि समाज के हर वर्ग का समर्थन उसके साथ है या नहीं।
‘धनबल से मजबूत नहीं, लोगों के स्नेह के धनी’
अपने संबोधन में नीरज कुमार ने कहा कि वह धनबल के मामले में भले मजबूत नहीं हों, लेकिन लोगों के स्नेह और समर्थन के मामले में काफी समृद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा। नीरज ने कहा कि उन्हें ईर्ष्या और द्वेष का शिकार बनाया जा सकता है, लेकिन वह किसी की दया का पात्र बनना स्वीकार नहीं करेंगे। उनके इस बयान को पटना स्नातक सीट पर चल रही राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
सम्राट-निशांत की जोड़ी को बताया ‘राम-लक्ष्मण’
नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की जोड़ी की तुलना भगवान राम और लक्ष्मण से की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के नेतृत्व में एनडीए मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। नीरज ने कहा कि पटना स्नातक सीट पर एनडीए की एकजुटता उनकी ताकत है और उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों से समर्थन मिल रहा है। उन्होंने चुनाव में अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ एक सीट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका व्यापक राजनीतिक संदेश जाएगा।
निशांत बोले- नीरज की जीत के लिए प्रचार करूंगा
नीरज कुमार के नामांकन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कही। निशांत ने कहा कि नीरज कुमार पार्टी के लिए लंबे समय से प्रतिबद्ध रहे हैं और उनके पास तीन बार विधान परिषद सदस्य के रूप में काम करने का अनुभव है। निशांत कुमार ने नीरज को समाजवादी विचारधारा से जुड़ा नेता बताते हुए कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा एनडीए एकजुट है। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए कार्यकर्ता और नेता मिलकर नीरज कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नीरज कुमार की उम्मीदवारी के साथ मुकाबला अब और दिलचस्प हो गया है। नामांकन के दौरान एनडीए के नेताओं की मौजूदगी और नीरज कुमार के आक्रामक तेवरों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।