Bihar News : पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने 'वोट चोरी' के खिलाफ किया प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त से माँगा इस्तीफा, दिल्ली में पुलिसिया सख्ती पर जताई नाराजगी

Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में स्थित पटना हाईकोर्ट के गेट नंबर 4 पर 'इंडियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स' (IAL) के बैनर तले अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने भी वोट चोरी के खिलाफ भी विरोध जताया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे मांग की।साथ ही दिल्ली में अधिवक्ताओं पर पुलिसिया सख्ती की निंदा की। इंडियन एसोसिएशन ऑफ लॉयर्स (IAL), पटना हाईकोर्ट द्वारा पटना हाई कोर्ट के गेट नंबर 4 पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।

इस अवसर पर पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा ने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अत्यंत निंदनीय है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना अधिवक्ताओं का लोकतांत्रिक अधिकार है। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। इस घटना की बिहार बार काउंसिल भी कड़े शब्दों में निंदा करती है तथा पूरा अधिवक्ता समुदाय इस कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराता है।

आज के धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से यह मांग की गई कि SIR के माध्यम से लगभग 13 करोड़ नागरिकों के नाम मतदाता सूची से गायब किए जाने का आरोप है। यदि यह कार्रवाई सही और उचित थी, तो अब उन्हीं नामों को पुनः मतदाता सूची में कैसे जोड़ा जा रहा है? 

इस पूरे मामले में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मतदाता सूची से नाम हटाने और पुनः जोड़ने की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए तथा इसकी जवाबदेही तय की जाए। इस प्रदर्शन में पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश चंद्र वर्मा, अधिवक्ता रामजीवन बाबू, अधिवक्ता उदय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिवक्तागण शामिल हुए।