Patna High Court: बंगाल में भीषण सड़क हादसा! दर्दनाक दुर्घटना में पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के बेटे-बहू की मौत
Patna High Court: पश्चिम बंगाल में NH-27 पर भीषण सड़क हादसे में पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार ठाकुर के बेटे ऋतिक ठाकुर और बहू वैष्णवी की मौत हो गई। दोनों पटना लौट रहे थे, तभी ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
Patna High Court: पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गुंजरिया बंगापुल इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार ठाकुर के बेटे ऋतिक ठाकुर और उनकी पत्नी वैष्णवी की मौत हो गई। ऋतिक ठाकुर और वैष्णवी दोनों ही पेशे से अधिवक्ता थे। जानकारी के अनुसार यह हादसा किशनगंज से लगभग 30 किलोमीटर पहले गुंजरिया बंगापुल के पास हुआ। उस समय ऋतिक और वैष्णवी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फॉर्च्यूनर कार से सिलीगुड़ी से पटना लौट रहे थे।
रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति ऋतिक ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बच्चे का इलाज अस्पताल में जारी
कार में उनका एक साल का बेटा भी मौजूद था, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि अजय कुमार ठाकुर पटना हाई कोर्ट के जाने-माने और प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में गिने जाते हैं। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही पटना हाई कोर्ट के वकीलों और न्यायिक समुदाय में गहरा शोक फैल गया है। कई अधिवक्ताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है।