Patna AI Summit: बिहार में AI की दुनिया में बड़ा धमाका! पटना में 16 घंटे की ट्रेनिंग, सीखें ChatGPT से लेकर AI एजेंट तक

Patna AI Summit: बिहार के युवाओं के लिए तकनीक की दुनिया में आगे बढ़ने का एक नया दरवाजा खुलने जा रहा है।...

युवाओं के लिए तकनीक की दुनिया में आगे बढ़ने का एक नया दरवाजा- फोटो : Hiresh Kumar

Patna AI Summit: बिहार के युवाओं के लिए तकनीक की दुनिया में आगे बढ़ने का एक नया दरवाजा खुलने जा रहा है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सीखने के लिए दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु जैसे महानगरों का रुख करना जरूरी नहीं होगा। पटना में ही ऐसा मंच तैयार किया जा रहा है, जहां विद्यार्थी, नौकरीपेशा युवा, शिक्षक, कारोबारी और उद्यमी आधुनिक AI टूल्स का इस्तेमाल करना सीख सकेंगे। खास बात यह है कि महज 799 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर दो दिनों का 16 घंटे का गहन प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र हासिल करने का अवसर मिलेगा। नालंदा इंटरनेशनल लिटरेचर फेस्टिवल की इस पहल का नाम NALANDAi – AI FOR BILLIONS रखा गया है।

23 और 24 नवंबर को पटना स्थित चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट पटना (CIMP) के ऑडिटोरियम में इस विशेष AI मास्टरक्लास और समिट का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तकनीक को केवल बड़े शहरों, विशेषज्ञों और चुनिंदा संस्थानों तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों तक पहुंचाना है। आयोजकों का मानना है कि आने वाले समय में AI शिक्षा, नौकरी, कारोबार, प्रशासन और रोजगार की दुनिया में बड़े बदलाव लाने वाला है। ऐसे में युवाओं को सिर्फ तकनीक की जानकारी देना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें इसका इस्तेमाल करना भी सिखाना जरूरी है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में Generative AI, Prompt Engineering, AI आधारित रिसर्च, वेबसाइट और एप्लिकेशन निर्माण, AI Agents, Intelligent Automation और डिजिटल कंटेंट निर्माण जैसे विषय शामिल होंगे। प्रतिभागियों को ChatGPT, Claude, Gemini, Grok, Perplexity, Replit, n8n, Canva AI, Runway और NotebookLM जैसे आधुनिक प्लेटफॉर्म पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा। यानी यहां केवल भाषण और व्याख्यान नहीं होंगे, बल्कि प्रतिभागियों को खुद तकनीक के साथ प्रयोग करने और नई चीजें तैयार करने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम की एक बड़ी खासियत इसका विशेषज्ञ पैनल है। इसमें JAN AI के संस्थापक मदन पडाकी, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. टी.वी. विजय कुमार, CIMP के निदेशक डॉ. राणा सिंह, IIT पटना के डॉ. ज्योतिंद्र नारायण और Zscaler के ग्लोबल पार्टनर सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट विशाल माथुर समेत कई विशेषज्ञ शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक, पाठ्यक्रम को IIT से जुड़े विशेषज्ञों की शैक्षणिक और तकनीकी समझ के अनुरूप तैयार एवं परखा गया है।

दो दिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को NALANDAi और CIMP के माध्यम से प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा Cisco Certification की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जो निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन की शर्तों पर निर्भर करेगा। कार्यक्रम में AI Career Orientation सत्र भी होगा, जिसमें रोजगार, फ्रीलांसिंग, स्टार्टअप, उद्यमिता और भविष्य की नौकरी के बदलते स्वरूप पर जानकारी दी जाएगी।

इस पहल की सबसे बड़ी परिकल्पना 'Gaon Gaon Tak AI' है। इसके जरिए बिहार के छोटे शहरों, कस्बों और गांवों तक AI की शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों का सपना है कि ग्रामीण इलाकों के युवा भी आधुनिक तकनीक सीखकर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। NALANDAi की स्थापना वैशाली सेता और अदिति नंदन ने सह-संस्थापक के रूप में की है, जबकि दिव्याभ आर्यन इस पहल के क्यूरेटर हैं। आयोजन Aamatya Foundation के तत्वावधान में किया जा रहा है।