Motihari Hooch Tragedy: बिहार में जहरीली शराब से 22 मौतों का हिसाब! 3 साल बाद आया हिला देने वाला फैसला

Motihari Hooch Tragedy: पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब पीकर दम तोड़ने वाले 22 लोगों की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। ...

Motihari Hooch Tragedy
जहरीली शराब से 22 मौतों का हिसाब! - फोटो : X

Motihari Hooch Tragedy: पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब पीकर दम तोड़ने वाले 22 लोगों की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। अप्रैल 2023 में हुए इस दर्दनाक शराब कांड में करीब तीन साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जहरीली शराब की सप्लाई और मौतों से जुड़े मामले में चार आरोपितों को दोषी करार दिया गया है। अदालत के इस फैसले के बाद अब सबकी निगाहें सजा के ऐलान पर टिक गई हैं। चारों दोषियों को कितनी सजा मिलेगी, इसका फैसला 26 नवंबर 2026 को होगा।

विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव को दोषी पाया है। अदालत ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत चारों को दोषी करार दिया है। अब 26 नवंबर को सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी। इसके बाद साफ होगा कि जहरीली शराब के इस जानलेवा कारोबार में दोषी पाए गए आरोपितों को कितनी सजा मिलती है।

दरअसल, अप्रैल 2023 में पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से हड़कंप मच गया था। देखते ही देखते कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई और एक के बाद एक 22 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे बिहार को झकझोर दिया था। शराबबंदी वाले राज्य में जहरीली शराब से इतनी बड़ी संख्या में मौतों ने कानून-व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपितों की पहचान, गिरफ्तारी और सबूत जुटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक अमृत राज के मार्गदर्शन और तत्कालीन डीआईजी दलजीत सिंह के पर्यवेक्षण में जांच आगे बढ़ी। तत्कालीन डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने 15 से 20 दिनों तक इलाके में कैंप कर अनुसंधान की समीक्षा की।

जांच के दौरान तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के साथ दूसरे महत्वपूर्ण तथ्यों को भी खंगाला गया। मामले का अनुसंधान तत्कालीन पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश ने किया, जबकि अदालत में विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की।

पुलिस मुख्यालय ने चार आरोपितों की दोषसिद्धि को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, ठोस साक्ष्यों की बेहतर प्रस्तुति और पुलिस-अभियोजन के समन्वय का नतीजा बताया है। हालांकि, इस पूरे मामले में पीड़ित परिवारों के लिए सबसे बड़ा सवाल अब न्यायिक सजा का है। 22 लोगों की जान लेने वाले इस जहरीली शराब कांड में 26 नवंबर को अदालत का अगला फैसला बेहद अहम होगा।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार