Danapur Rail Division: पटना समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद, जानें क्या हैं नए नियम
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने पटना जंक्शन समेत दानापुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर 24 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी है। केवल वैध यात्रा टिकट वालों को ही प्रवेश मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर।
त्योहारों के बाद स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। पटना जंक्शन समेत दानापुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर आगामी 24 नवंबर तक रोक लगा दी गई है।
त्योहारों के बाद वापसी का दौर और उमड़ती भीड़
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान बिहार में लाखों यात्रियों का आगमन हुआ था, जिन्हें संभालने के लिए रेलवे द्वारा कई विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था। अब पर्व समाप्त होने के बाद जब लोग वापस अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं, तो स्टेशनों पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव देखा जा रहा है। इसी अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह एहतियाती निर्णय लिया गया है।
केवल वैध टिकट धारकों को ही मिलेगा प्रवेश
रेलवे प्रशासन के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब स्टेशनों पर केवल वैध यात्रा टिकट (Journey Ticket) वाले यात्रियों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों को छोड़ने या रिसीव करने आने वाले परिजनों और आगंतुकों के स्टेशन परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं और अपील
दानापुर रेल मंडल के अधिकारी विनोद कुमार ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए यात्रियों से सहयोग की अपील की है। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले स्टेशन पहुंचें और प्रवेश के दौरान कतारबद्ध व्यवस्था का पालन करें। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्टेशनों पर मेडिकल टीम, हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी मुस्तैद की गई हैं।
पटना से अनिल की रिपोर्ट