पटना के कदमकुआं में बड़ा हादसा: कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग, 20 छात्र सुरक्षित बचाए गए,मची अफरा-तफरी

कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग- फोटो : news 4 nation

जधानी पटना के पॉश इलाके कदमकुआं में भीषण गर्मी के बीच अगलगी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मामला दिनकर चौक के समीप स्थित 'आर्केड बिजनेस क्लासेस' का है, जहाँ अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय कोचिंग संस्थान के कमरों में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। आसमान में धुएं का काला गुबार देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कदमकुआं थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।


रेस्क्यू ऑपरेशन: सुरक्षित निकाले गए छात्र और कर्मी

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। दो मंजिला इमारत के ऊपरी माले पर स्थित कार्यालय से आग की शुरुआत हुई थी, जिससे बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों की जान पर बन आई। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कोचिंग के अंदर फंसे 15 से 20 छात्र-छात्राओं और कर्मियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी को वक्त रहते बचा लिया गया।


शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

दमकल की टीम ने करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। शुरुआती जांच और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अगलगी की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। आग बुझने के बाद आसपास के लोगों और संस्थान के कर्मियों ने राहत की सांस ली है।


नियमों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों की जांच

इस भीषण अगलगी में कोचिंग संस्थान के कार्यालय में रखे कुछ महत्वपूर्ण सामान और कागजात जलकर खाक हो गए हैं। प्रशासन अब इस बात की भी गहन पड़ताल कर रहा है कि 'आर्केड बिजनेस क्लासेस' में अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, संस्थान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

रिपोर्ट -  अनिल कुमार