पटना में शातिर चोरों का खेल खत्म: 50 हजार में बेची थी चोरी की पिकअप ,गैस कटर से काटकर बनाए पार्ट्स; ऐसे हुआ पर्दाफाश

राजधानी पटना के कदमकुआं थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पिकअप बोलेरो चोरी के मामले में चालक समेत तीन शातिर गिरफ्तार। गैरेज से गैस कटर और गाड़ी के कटे हुए पार्ट्स (इंजन, चेचिस और टायर) बरामद।

पटना में बोलेरो चोरी कांड का पर्दाफाश,पटना के कदमकुआं थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता- फोटो : Reporter

पटना के कदमकुआं थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगीन मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बोलेरो चालक अभिषेक कुमार, नरेश कुमार प्रसाद और गैरेज संचालक मोहम्मद सुल्तान के रूप में हुई है।


चालक पर ही लगा था गाड़ी चोरी कराने का गंभीर आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 8 नवंबर को वाहन मालिक संदीप कुमार ने कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके अपने ही चालक अभिषेक कुमार ने अज्ञात चोरों के साथ मिलकर साजिश रची और पिकअप बोलेरो की चोरी करवा दी। इस शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया।


विशेष टीम का गठन और 50 हजार में सौदा का खुलासा

पटना टाउन डीएसपी 1 राजेश रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की इस बोलेरो को महज 50 हजार रुपये में सुल्तान गैरेज के मालिक को बेच दिया गया था।


गैरेज से गैस कटर और गाड़ी के कटे हुए अवशेष बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान गैरेज से वाहन काटने में इस्तेमाल होने वाला सामान और चोरी गई बोलेरो के अवशेष बरामद किए हैं। इनमें पांच लीटर का गैस सिलेंडर, गैस कटर, तथा चोरी की गई बोलेरो के कटे हुए चार चक्के, टायर-रिम, इंजन और चेचिस के अवशेष शामिल हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट