Patna News: कुम्हरार से दुकान के लिए निकले व्यापारी गायब, गल्ले से पैसे साफ, कंकड़बाग थाने में केस दर्ज

पटना के कंकड़बाग में दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय व्यवसायी निरंजन शर्मा 15 अगस्त से लापता हैं। दुकान का गल्ला खुला और खाली मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पटना में दुकान के लिए निकले व्यापारी गायब- फोटो : news 4 nation

पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकृष्णा नगर रोड नंबर-11 में 'शीतल इलेक्ट्रॉनिक्स' नामक दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय व्यवसायी निरंजन शर्मा उर्फ पिंटू गायब हो गए हैं। वे मूल रूप से जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में पटना के कुम्हरार के  चौधरी टोला में रहते हैं। इस संबंध में उनके पुत्र सुमित रंजन ने कंकड़बाग थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया है।


घर से दुकान जाने के दौरान घटी घटना 

आवेदन के अनुसार, निरंजन शर्मा बीते 15 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 6:00 बजे अपने कुम्हरार स्थित घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे। शाम करीब 4:00 बजे जब उनका छोटा बेटा आदित्य राज दुकान पर पहुंचा, तो दुकान बंद मिली और बाहर ताला लटका हुआ था। पिता के दुकान पर न होने के कारण परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।


ताला खुलवाने पर खाली मिला गल्ला 

आसपास पूछताछ करने के बाद जब दुकान का ताला तोड़कर अंदर देखा गया, तो पाया गया कि काउंटर का गल्ला (कैश बॉक्स) खुला हुआ था और उसमें से सारे पैसे गायब थे। परिजनों ने अपने स्तर पर नाते-रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन निरंजन शर्मा का कोई सुराग नहीं मिल सका।


पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू 

घटना के बाद पीड़ित पुत्र ने थाने पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई। परिजनों के आवेदन के आधार पर कंकड़बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर लापता व्यवसायी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।