Patna Chain Snatching: जिम जा रही युवती से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, विरोध करने पर तानी पिस्तौल, वीडियो वायरल

राजधानी पटना में अब महिलाएं दिन के उजाले में भी सुरक्षित नहीं हैं। कंकडबाग की आरएमएस कॉलोनी में एक युवती से बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर चेन छीन ली।जब युवती ने हिम्मत दिखाकर एक अपराधी को दबोचा, तो दूसरे ने पिस्तौल तान दी।पूरी वारदात CCTV कैद

पटना के कंकडबाग में युवती से दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के कंकडबाग थाना अंतर्गत आरएमएस कॉलोनी में दिनदहाड़े एक युवती के साथ चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है । यह घटना रात के अंधेरे में नहीं, बल्कि दिन के उजाले में घटी, जिसने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं  पीड़ित युवती, जिसका नाम आरोही बताया जा रहा है, अपने घर से जिम जाने के लिए निकली थी, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उसे अपना निशाना बनाया। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है


युवती का साहस और अपराधियों का दुस्साहस

वायरल सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बाइक सवार अपराधी पहले युवती को पार कर आगे बढ़ जाते हैं और फिर बाइक मोड़कर उसके पास आते हैं। अपराधी जैसे ही युवती के गले से चेन छीनने का प्रयास करते हैं, आरोही ने साहस का परिचय देते हुए एक युवक (अपराधी) को पकड़ लिया। दोनों के बीच बीच सड़क पर कुछ देर तक हाथापाई भी हुई। हालांकि, तभी बाइक के पीछे बैठे दूसरे अपराधी ने पिस्तौल तान दी और हथियार के बल पर चेन छीनकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

 

पुलिसिया गश्त और दावों पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने पटना पुलिस की गश्ती गाड़ियों और आपातकालीन सेवा 'डायल 112' की मुस्तैदी की पोल खोल कर रख दी है  वीडियो में बिहार के गृह विभाग और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उन दावों पर भी तंज कसा गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि महिलाओं की तरफ आंख उठाने वालों का 48 घंटे में इलाज कर दिया जाएगा । स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दिन के उजाले में मुख्य सड़कों पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, तो रात की सुरक्षा की कल्पना ही नहीं की जा सकती है ।


पुलिस की कार्रवाई और इलाके में दहशत का माहौल

घटना की जानकारी मिलने के बाद कंकरबाग थाना प्रभारी ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि चेन स्नैचिंग की घटना हुई है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, हालांकि अपराधियों द्वारा पिस्तौल लहराए जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और जगह-जगह छापेमारी करने का दावा कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से आरएमएस कॉलोनी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच डर और हड़कंप का माहौल है