पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो फ्लाइट पर गिरी बिजली, 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान, ऐसे बची यात्रियों की जान

फ्लाइट नंबर 6E 925 ने 7 अक्टूबर की शाम करीब 3:10 बजे पटना एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान उसी समय अचानक उस पर आकाशीय बिजली गिरी

IndiGo Flight Hit by Lightning- फोटो : news4nation

Indigo Flight :  पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार शाम खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। उस वक्त विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। इसके बाद विमान में तेज टर्बुलेंस शुरू हो गया, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि पायलट ने सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए विमान को सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार लिया।


फ्लाइट नंबर 6E 925 ने 7 अक्टूबर की शाम करीब 3:10 बजे पटना एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। विमान में कुल 104 यात्री सवार थे। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुख्य प्रवक्ता राजेश कुमार भट्ट भी शामिल थे।


बनारस-प्रयागराज के बीच बदला मौसम

राजेश कुमार भट्ट के मुताबिक पटना से उड़ान भरने के समय मौसम बिल्कुल सामान्य था। विमान के उड़ान भरने के बाद भी सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन बनारस और प्रयागराज के बीच पहुंचते ही मौसम अचानक खराब हो गया। तेज बारिश के बीच अचानक विमान को जोरदार झटका लगा। यात्रियों को लगा कि विमान पर बिजली गिरी है।


उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान में जबरदस्त टर्बुलेंस शुरू हो गया। विमान कभी अचानक नीचे की ओर जाता तो कभी तेज झटके के साथ ऊपर उठता। विमान के दाएं-बाएं झुकने से यात्रियों में भय का माहौल बन गया। सीट बेल्ट बंधी होने के बावजूद यात्रियों के शरीर झटकों से ऊपर-नीचे हो रहे थे।


यात्रियों में मची चीख-पुकार

राजेश कुमार भट्ट ने बताया कि उस दौरान विमान के अंदर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री डर के कारण रोने और चिल्लाने लगे। करीब 12 से 13 मिनट तक हालात बेहद तनावपूर्ण रहे। उन्होंने खुद भी डर महसूस करने की बात कही, लेकिन आसपास बैठे यात्रियों को ढांढस बंधाने की कोशिश की। भट्ट के मुताबिक उन्होंने क्रू मेंबर्स से भी बात की और आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकालने के विकल्प के बारे में पूछा। हालांकि उस समय विमान के भीतर सभी लोग बेहद डरे हुए थे।


पायलट ने संभाली स्थिति, 4:05 बजे सुरक्षित लैंडिंग

मुश्किल परिस्थिति के बीच पायलट ने विमान को संभाला और लखनऊ की ओर ले गए। इमरजेंसी के कारण विमान की तय समय से पहले ही करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान को 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। लैंडिंग के बाद सभी 104 यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि विमान के अंदर मौजूद यात्रियों के चेहरों पर दहशत साफ नजर आई।


कैप्टन को वीरता पुरस्कार देने की मांग करेंगे भट्ट

राजेश कुमार भट्ट ने पायलट के धैर्य और सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह कैप्टन ने मुश्किल परिस्थिति में विमान को संभालते हुए 104 यात्रियों की जान सुरक्षित रखी, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस मामले में आग्रह करेंगे और नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर मांग करेंगे कि मुश्किल परिस्थिति में विमान को सुरक्षित उतारने वाले कैप्टन को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाए।