Patna News: मनेर के बयापुर में पलटा टेम्पो, गड्ढे में बह रहे करंट की चपेट में आने से 3 यात्रियों की मौत 3 घायल

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के बयापुर में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित ऑटो गड्ढे में पलटने और करंट की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं। पढ़ें पूरी खबर।

मनेर (बयापुर) में अनियंत्रित ऑटो के गड्ढे में पलटने और पानी में फैले बिजली के करंट से 3 लोगों की मौत- फोटो : Reporter

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित ब्यापुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामजी चक-बांक मार्ग पर पंचायत सरकार भवन के समीप तेज रफ्तार से जा रहा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो की एक कार से हल्की टक्कर हुई, जिसके बाद चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के समय ऑटो में कुल दस लोग सवार थे।


बिजली के तार से फैला करंट, 3 की मौत

गड्ढे में गिरते ही ऑटो ऊपर से गुजर रही बिजली की एलटी (LT) लाइन की चपेट में आ गया। ऑटो में करंट प्रवाहित होने के कारण उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों के पहुँचने के बाद चीख-पुकार मच गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और शवों को निकाला गया

स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना डायल 112 और मनेर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और सबसे पहले बिजली विभाग से संपर्क कर एलटी लाइन की सप्लाई कटवाई। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से गड्ढे में फँसे ऑटो और तीनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर भेज दिया है।


मृतकों की पहचान और मामले की पुष्टि

मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार ने हादसे में तीन लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार (पिता स्व. बनारसी राय, निवासी ब्यापुर), टुनटुन (पिता रामइकबाल, निवासी ब्यापुर) और पन्ना साव (पिता रतन साव, निवासी गोरैयस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।