Bihar News : सांसद और बीसीआई अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने की अपील, कहा राष्ट्र की एकता के लिए आगे आएं वकील और प्रबुद्ध नागरिक
Bihar News : सांसद मनन कुमार मिश्रा ने देश के वकीलों, बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया है.....पढ़िए आगे
PATNA : बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष,राज्यसभा सदस्य व सुप्रीम कोर्ट के वरीय अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा ने देश के वकीलों, बुद्धिजीवियों और प्रबुद्ध नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की है। मनन कुमार मिश्रा ने एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर देश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा है कि कुछ अराजक तत्वों ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को पूरी तरह से हाईजैक कर लिया है। मिश्रा ने अपने बयान में कहा कि छात्रों का आंदोलन बुनियादी मांगों को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन अब निहित स्वार्थ वाले असामाजिक और अराजक तत्वों ने इसमें प्रवेश कर लिया है। ये तत्व छात्रों की आड़ में देश में हिंसा, अराजकता और अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को ठप करना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना है।
बुद्धिजीवियों और वकीलों से आगे आने का आह्वान वार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्र ने जोर देकर कहा कि ऐसे नाजुक समय में मूकदर्शक बने रहना देश के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्य को सामने लाएं।वकील और बुद्धिजीवी समाज को जागरूक करें, ताकि लोग अफवाहों और एजेंडे का शिकार न हों। उन्होंने शांति बहाली में मदद करने की अपील करते हुए कहा कि सभी प्रबुद्ध वर्ग अपने-अपने स्तर पर शांति और सौहार्द का माहौल बनाने के लिए आगे आएं। देश को तोड़ने या अस्थिर करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।
मनन कुमार मिश्रा ने छात्रों से भी अपील की है कि वे ऐसे तत्वों से सावधान रहें ,जो उनके मंच का इस्तेमाल अपने निजी या राजनीतिक फायदे के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से भी इन अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।