Patna Maner Encounter: मनेर में STF-पुलिस की मुठभेड़ में अब तक की बड़ी बातें! मीसा भारती पहुंची अस्पताल, शवों को लेकर हंगामा

Patna Maner Encounter: पटना के मनेर में STF और पुलिस की मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हुई, जबकि थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। दानापुर अस्पताल में शवों को लेकर हंगामा और पुलिस लाठीचार्ज हुआ।

Patna Maner Encounter:  बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शेरपुर के पास गंगा नदी इलाके में शनिवार अहले सुबह करीब तीन बजे पटना एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त टीम की अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से गोलीबारी हुई। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। उन्हें इलाज के लिए पटना भेजा गया है।


पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ताराचक निवासी जयप्रकाश यादव, गंगहारा निवासी राजा कुमार उर्फ सूरज और वास्तु विहार कृषि फार्म निवासी बबलू यादव के रूप में हुई है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल लाए गए।


पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल होने का आरोप


दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधी पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जयप्रकाश यादव के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत नौ मामले दर्ज हैं। ये मामले वर्ष 1996 से 2026 के बीच दानापुर, खगौल, राजीव नगर, फतुहा और मनेर थानों में दर्ज किए गए हैं। वह दानापुर थाना कांड संख्या 629/26 में वांछित था।


वहीं, राजा कुमार उर्फ सूरज के खिलाफ नौबतपुर और मनेर थानों में दो मामले दर्ज हैं। बबलू यादव पर भी दानापुर और मनेर थानों में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। दोनों 19 अक्टूबर 2026 को दर्ज मनेर थाना कांड संख्या 1042/26 में वांछित थे।


अस्पताल में शवों को लेकर हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज


मुठभेड़ में मारे गए तीनों लोगों के शव दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचने के बाद सुबह करीब 10 बजे से हंगामा शुरू हो गया। पुलिस तीनों शवों को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर आई थी, लेकिन परिजनों ने शवों को बाहर निकालने और पोस्टमार्टम कराने का विरोध किया। ताजा जानकारी के अनुसार, शव काफी देर तक एंबुलेंस में ही रखे रहे। इस दौरान परिजनों और आक्रोशित लोगों की पुलिस जवानों और अधिकारियों से झड़प भी हुई। एंबुलेंस पर पत्थरबाजी किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पथराव के जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।


मीसा भारती ने परिजनों से की मुलाकात


इस घटना के बीच पाटलिपुत्र की सांसद डॉ. मीसा भारती दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। अस्पताल में तनाव और हंगामे के बीच पुलिस की कार्रवाई तथा पोस्टमार्टम को लेकर स्थिति बनी हुई है।