Patna Metro: पटना मेट्रो निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, स्टेशन के स्लैब में फंसा मजदूर, मौके पर मचा हड़कंप

Patna Metro: पटना मेट्रो निर्माण कार्य के बीच बड़ा हादसा हो गया। जहां मेट्रो स्टेशन के स्लैब के बीच में एक मजदूर फंस गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आनन फानन में मजदूर को अस्पताल ले जाया गया है..

मेट्रो निर्माण के दौरान हादसा - फोटो : social media

Patna Metro: पटना में मेट्रो निर्माण का कार्य तेजी है। इसी बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। एक मजदूर के मलवे में फंसने की सूचना मिल रही है। घटना के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

स्लैब में फंसा मजदूर 

जानकारी अनुसार क्रेन से चल रहे काम के दौरान मजदूर का शरीर स्टेशन के स्लैब के नीचे फंस गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घायल युवक की पहचान सिवान के रहने वाले सतीश कुमार के रुप में हुई है और मेट्रो परियोजना में कार्यरत था। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब क्रेन के जरिए काम चल रहा था और मजदूर स्लैब के नीचे कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह मशीन में इस तरह फंस गया कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद कर्मी सक्रिय मदद करने के बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त थे, जबकि स्थानीय लोगों ने ही साहस दिखाते हुए मजदूर को बाहर निकाला।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल 

इस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल घायल मजदूर का इलाज जारी है। वहीं पटना मेट्रो का काम तेजी से जारी है। मेट्रो का पहला अंडरग्राउंड स्टेशन मोइन-उल-हक़ भूमिगत मेट्रो स्टेशन लगभग तैयार हो चुका है। यह स्टेशन जमीन से करीब 22 मीटर नीचे बनाया गया है और इसका सिविल कार्य लगभग पूरा हो गया है। अब यहां से टनलिंग का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है।