Bihar Weather: बिहार में अगले 72 घंटे बेहद खतरनाक! पटना में होगी झमाझम बारिश, कहीं तूफानी बारिश का बरसेगा कहर, तो कहीं झुलसाती लू से बढ़ेगी टेंशन, अलर्ट जारी

Bihar Weather: बिहार का मौसम इन दिनों पूरी तरह से बेक़ाबू और दोहरे मिज़ाज वाला नजर आ रहा है। एक तरफ़ सूबे के कई जिलों में तेज़ आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, तो...

Bihar Weather 72 Hour Alert Stormy Rain Scorching Heatwave A
बिहार में मौसम का रौद्र रूप- फोटो : X

Bihar Weather:  बिहार का मौसम इन दिनों बेहद ख़तरनाक और हैरतअंगेज़ मोड़ पर पहुंच चुका है। सूबे में मौसम का मिज़ाज पूरी तरह दो हिस्सों में बंटा दिखाई दे रहा है। एक तरफ़ उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में तेज़ बारिश, आंधी, बिजली और तूफ़ानी हवाओं का ख़ौफ़ मंडरा रहा है, तो दूसरी तरफ़ दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में सुलगने वाला है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है, जिसने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है।तेज हवा के कारण पटना का मौसम बदल गया है। लोगों को भीषम गर्मी से राहत मिली है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण बिहार और उसके आसपास निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर ऊपरी-हवाई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो चुका है। यही सिस्टम पूरे बिहार के मौसम को अचानक बदलने का सबब बन रहा है। प्री-मानसून एक्टिविटी तेज़ होने के कारण कई ज़िलों में मौसम पल-पल करवट बदल सकता है।

IMD के अनुसार गया, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और भोजपुर में तेज़ बारिश, गरज-चमक और आंधी का ख़तरा मंडरा रहा है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर झोंकों की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

वहीं दूसरी ओर पटना, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, नवादा और नालंदा समेत दक्षिण बिहार के कई जिले भीषण गर्मी से तमतमाने वाले हैं। मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पटना, नालंदा, शेखपुरा और बेगूसराय जैसे जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों का हाल बेहाल होने की आशंका है।

हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से 31 मई के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। यानी भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मगर 26 से 29 मई तक बिहार में मौसम का यह खतरनाक खेल लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।