Patna Graduate MLC Election: अनंत सिंह को लगा बड़ा झटका? अनुज सिंह के समर्थन से पियूष प्रियदर्शी पीछे हटे, पटना MLC चुनाव में आया नया ट्विस्ट

Patna Graduate MLC Election: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही पटना स्नातक सीट का सियासी पारा चढ़ गया है। ...

Patna Graduate MLC Election: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही पटना स्नातक सीट का सियासी पारा चढ़ गया है। यहां 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है।

पटना स्नातक सीट पर जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर मैदान में उतारा है। उनके सामने राजद के दिलीप कुमार और जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह के होने की बात सामने आई है। डॉ. अनुज सिंह को मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है। अनंत सिंह पहले ही नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल चुके हैं और उन्हें चुनाव में हराने की चुनौती दे चुके हैं। जेडीयू ने अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है।

अब मुकाबले में एक और सियासी ट्विस्ट सामने आया है। मोकामा विधानसभा चुनाव में जन सुराज के टिकट पर अनंत सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके पियूष प्रियदर्शी ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन से दूरी बना ली है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह अनंत सिंह समर्थित जन सुराज उम्मीदवार का समर्थन नहीं कर रहे हैं और मतदाताओं से अपने विवेक व उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मतदान करने की अपील की है। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर नीरज कुमार के समर्थन का ऐलान नहीं किया है।

पियूष ने अपने रुख के पीछे पुराने राजनीतिक टकराव और दुलारचंद यादव हत्याकांड से जुड़ी अपनी कानूनी लड़ाई का भी जिक्र किया है। इससे पटना स्नातक सीट का मुकाबला और पेचीदा हो गया है।

उधर, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग भी तेज है। अनंत सिंह ने नीरज को हराने और उनकी जमानत जब्त कराने की चुनौती दी है। दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर तीखे बयान सामने आए हैं। ऐसे में पटना स्नातक सीट पर अब उम्मीदवारों की लड़ाई के साथ पुराने राजनीतिक रिश्तों, स्थानीय समीकरणों और नेताओं के व्यक्तिगत टकराव की भी परीक्षा होती दिख रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट