पटना: जेपी सेतु पर बुजुर्ग का नग्न शव मिलने से हड़कंप, इलाके में फैली सनसनी
पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी सेतु (गंगा पथ) पर सोमवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के ऊपर शव पड़े होने की सूचना जैसे ही राहगीरों को मिली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी सेतु (गंगा पथ) पर सोमवार को एक अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के ऊपर शव पड़े होने की सूचना जैसे ही राहगीरों को मिली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की।
नग्न अवस्था में मिला शव, हत्या या आत्महत्या की आशंका?
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 65 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि बुजुर्ग का शव पूरी तरह नग्न अवस्था में पाया गया है। शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह मामला सड़क दुर्घटना का है, आत्महत्या का या फिर किसी ने हत्या कर शव को यहाँ फेंक दिया है।
दीदारगंज पुलिस और डायल 112 की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल यातायात को व्यवस्थित किया और शव को अपने कब्जे में लिया। दीदारगंज थाना पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उनकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, रिपोर्ट का इंतज़ार
फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस जेपी सेतु पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि बुजुर्ग वहाँ तक कैसे पहुँचे।
रिपोर्टर - रजनीश कुमार