NEET Protest Violence:NEET आंदोलन में हिंसा पर पुलिस का शिकंजा, पटना में विधायक संदीप सौरभ समेत 19 गिरफ्तार, छात्र नेताओं पर भी कार्रवाई तेज
NEET Protest Violence: पटना के गांधी मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाकपा (माले) विधायक संदीप सौरभ समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।..
NEET Protest Violence: NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर से बिहार तक जारी छात्र आंदोलन अब पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के दौर में पहुंच गया है। पटना के गांधी मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान उपद्रव और हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाकपा (माले) विधायक संदीप सौरभ समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पटना के पालीगंज से विधायक संदीप सौरभ को कोतवाली थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि 22 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़, वाहनों को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं हुई थीं। इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान विधायक संदीप सौरभ आंदोलनकारियों के साथ मौजूद थे और कई जगहों पर प्रदर्शन का नेतृत्व करते नजर आए। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी मौजूदगी सामने आई है। आरोप है कि जब कुछ प्रदर्शनकारी सरकारी और निजी वाहनों को नुकसान पहुंचा रहे थे, उस समय भी विधायक मौके पर मौजूद थे।
इस मामले में आइसा के कई प्रमुख नेताओं पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। गिरफ्तार लोगों में आइसा के राज्य अध्यक्ष धनंजय कुमार, बिहार सचिव दीपांकर, राज्य उपाध्यक्ष सबा आफरीन, मीडिया सेल प्रभारी कुमार दिव्यम और कार्यकर्ता नौशाद अहमद शामिल हैं। इसके अलावा CPI(ML) नेता कुमार परवेज और पाली के मुखिया आनंद कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कुछ छात्र और कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करने वाले युवा भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर की जा रही है।
सिटी एसपी मध्य ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी, चाहे वह राजनीतिक पद पर ही क्यों न हो।डीएसपी विधि व्यवस्था-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि विधायक संदीप सौरभ के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज थी। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
NEET पेपर लीक को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है। जहां छात्र संगठन परीक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस हिंसा और उपद्रव के मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है। पटना में हुई गिरफ्तारियों के बाद आंदोलन और प्रशासन के बीच टकराव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह