बिहार बंद में तिरंगा लेकर गांधी मैदान पहुंचे तेज प्रताप यादव, पटना में छात्र आंदोलन में जोरदार प्रदर्शन

राजधानी पटना में बंद को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। गांधी मैदान इलाके में प्रदर्शन कर रहे कई छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें संबंधित थानों में रखा गया है।

Tej Pratap Yadav
Tej Pratap Yadav- फोटो : news4nation

Bihar Band :  NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद का असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। बिहार बंद के समर्थन में तेज प्रताप यादव तिरंगा लेकर पटना के गांधी मैदान पहुंचे। वहीं, गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी जुटे रहे। 


पटना के रामगुलाम चौक के पास उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह बिहार बंद छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के आह्वान पर आयोजित किया गया था। बंद के दौरान पटना समेत कई जिलों में प्रदर्शन, सड़क जाम और नारेबाजी की घटनाएं सामने आईं।


पटना में पुलिस की कड़ी निगरानी 

राजधानी पटना में बंद को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। गांधी मैदान इलाके में प्रदर्शन कर रहे कई छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें संबंधित थानों में रखा गया है। पटना विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष यादव के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। इसके अलावा विश्वविद्यालय क्षेत्र के छात्रावासों और लॉजों में भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया। मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी और पटना विश्वविद्यालय के आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रही।


इससे पहले 22 जुलाई को पटना के गांधी मैदान में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित उपद्रव और हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। पुलिस ने भाकपा (माले) विधायक संदीप सौरभ समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पालीगंज से विधायक संदीप सौरभ को कोतवाली थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि 22 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़, वाहनों को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं हुई थीं। इसी मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।


गयाजी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

बिहार बंद का असर गया शहर और जिले के कई हिस्सों में भी देखने को मिला। बंद को लेकर सुबह से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट रहा। प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई जगह जुलूस निकाले गए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।


सहरसा, सासाराम और आरा में भी प्रदर्शन

सहरसा में AISA और RYA के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। बंद समर्थकों ने कचहरी चौक के पास सड़क जाम कर छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। सासाराम में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। समर्थक कलेक्ट्रेट गेट के पास धरने पर बैठे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। आरा में भी कई चौक-चौराहों पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। बंद के कारण सड़क परिवहन प्रभावित हुआ।


छपरा में सड़क पर बैठे छात्र, रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई सुरक्षा

छपरा के नगरपालिका चौक पर छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। बिहार बंद को देखते हुए छपरा रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध जताया।