Patna NEET: पटना NEET केस में हाई-लेवल एक्शन, दिल्ली से होगी हर अपडेट पर नजर

Patna NEET: पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में CBI की दिल्ली टीम ने जांच की निगरानी संभाल ली है। इस केस की जांच तेज हो गई।

पटना NEET छात्रा मौत केस में बड़ा मोड़- फोटो : social media

Patna NEET: जहानाबाद की एक नीट छात्रा की पटना के हॉस्टल में संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले की जांच अभी जारी है। अब इस मामले में जांच और सख्त हो गई है। सूत्रों के अनुसार, CBI की दिल्ली टीम ने पूरे केस की निगरानी अपने हाथ में ले ली है। बताया जा रहा है कि सीबीआई के एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) दिल्ली के एसपी पटना में ही कैंप कर रहे हैं और पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हालांकि जांच टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस केस की जांच अभी भी अधिकारी विभा कुमारी ही कर रही हैं, लेकिन अब उनके काम की निगरानी एसीबी के एसपी द्वारा की जाएगी।

पहले इस मामले की जांच बिहार पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में केस को सीबीआई को सौंप दिया गया। शुरुआत में सीबीआई की तरफ से एएसपी पवन श्रीवास्तव को जांच की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बाद में यह जिम्मेदारी विभा कुमारी को दे दी गई। सूत्रों का कहना है कि कोर्ट में जांच की रफ्तार और तरीके को लेकर सीबीआई को फटकार मिली थी। इसके बाद ही दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले की निगरानी के लिए लगाया गया है, ताकि जांच सही और तेजी से पूरी हो सके। यह मामला पहले से ही काफी संवेदनशील बना हुआ है और अब सीबीआई की सीधी निगरानी के बाद इससे जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।