Patna News:दीपावली को लेकर पटना में हाई अलर्ट, मजिस्ट्रेट-पुलिस की तैनाती, अस्पतालों को भी अलर्ट रहने का निर्देश

Patna News: त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निकांड की घटनाओं पर नियंत्रण करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक महकमे को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है।

पटना में हाई अलर्ट- फोटो : X

Patna News:दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है। त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निकांड की घटनाओं पर नियंत्रण करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक महकमे को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। जिले के सभी संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले और प्रमुख स्थलों पर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव संपन्न कराया जा सके।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी और जवाबदेही के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अवैध पटाखा बिक्री और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

जिले के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को पटाखों की अवैध बिक्री, प्रतिबंधित गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ाने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।प्रशासन की प्राथमिकता है कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी और भीड़ के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो। इसके लिए पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत दी गई है।

अग्निशमन विभाग को अलर्ट, दमकल वाहनों में पानी और संसाधन रखने का निर्देश

आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी अनुमंडलों के अग्निशमन केंद्रों में दमकल वाहनों को पर्याप्त पानी और आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जा सके।प्रशासन ने अग्निशमन कर्मियों को सतर्क रहने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

पीएमसीएच, एनएमसीएच समेत प्रमुख अस्पतालों को तैयार रहने का निर्देश

दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, दुर्घटना और अन्य चिकित्सकीय आपात स्थितियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों में चिकित्सकीय सुविधाएं और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है।

पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, एम्स और पटना सिटी स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों तथा एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों को आपातकालीन उपचार के लिए तैयार रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।जिला प्रशासन की ओर से पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि दीपावली और छठ के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहे। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

ब्यूरो रिपोर्ट