Patna online betting racket: पटना में ऑनलाइन सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश, दुबई कनेक्शन और 88 करोड़ के लेन-देन का खुलासा

Patna online betting racket: पटना के पॉश अपार्टमेंट से दुबई तक ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। 44 बैंक खातों में 88.52 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है।

Patna online betting racket: बिहार की राजधानी पटना के पॉश अपार्टमेंटों में बैठकर दुबई से लेकर अमेरिका तक ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा था। विदेशी सर्वर पर वेबसाइटें बनाकर लोगों को कम समय में मोटी कमाई का लालच दिया जाता था और फिर करोड़ों रुपये की ठगी की जाती थी। इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का संचालन दुबई में बैठे मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता के इशारे पर होने की बात सामने आई है।


मामले का खुलासा करते हुए पटना पुलिस ने बुधवार को झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस के सहयोग से छह शहरों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, रांची, कोलकाता, प्रयागराज और पटना के अलग-अलग ठिकानों से 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में 15 बैंकों के 44 करंट खातों में 88.52 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। इसके अलावा अमेरिका से छह बार में करीब 15.23 करोड़ रुपये भारतीय बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।


महादेव ऐप की तर्ज पर चल रही थीं विदेशी बेटिंग वेबसाइटें


पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता दुबई में रहकर विदेशी सर्वर के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी की वेबसाइटें संचालित कर रहा था। इसके लिए बालीएक्सचेंज डॉट कॉम, शिवा 365 डॉट लाइव, क्रिकबजएक्सचेंज डॉट कॉम और बजिम्मरी डॉट कॉम जैसी वेबसाइटों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन वेबसाइटों की कार्यप्रणाली चर्चित महादेव सट्टेबाजी ऐप की तर्ज पर बताई गई है। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन डालते थे। इनमें कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का लालच दिया जाता था।


पहले जिताते थे पैसे, फिर बड़ी रकम लगवाकर करते थे ठगी


जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर ठगी का एक खास तरीका सामने आया है। गिरोह शुरुआत में कम रकम लगाने वाले कुछ लोगों को जीत दिलाता था। इससे लोगों का भरोसा बढ़ता था और उन्हें लगता था कि इस वेबसाइट से अच्छी कमाई की जा सकती है। इसके बाद जब खिलाड़ी बड़ी रकम लगाने लगते थे, तो उनका पैसा डूब जाता था। कई मामलों में जीतने के बावजूद भुगतान नहीं किया जाता था। इस तरह लोगों को धीरे-धीरे बड़ी रकम लगाने के लिए उकसाकर ठगी की जाती थी। गिरोह का नेटवर्क केवल पटना तक सीमित नहीं था। इसके सदस्य देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेशों में भी लोगों को निशाना बना रहे थे।


15 बैंकों के 44 खातों में 88.52 करोड़ रुपये जमा


ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम को इधर-उधर करने के लिए गिरोह ने कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया था। पुलिस जांच में 15 बैंकों के 44 करंट खातों की पहचान हुई है। इन खातों को म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, इन 44 खातों में कुल करीब 88.52 करोड़ रुपये जमा हुए थे। इनमें से लगभग 87.62 करोड़ रुपये दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। यानी जमा हुई रकम का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा आगे भेज दिया गया।


जांच एजेंसियों को आशंका है कि पैसों के वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों की पहचान छिपाने के लिए फर्जी फर्मों और शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम मंगाई जाती थी और फिर कई स्तरों पर ट्रांसफर कर दी जाती थी।


अमेरिका से छह बार में आए 15.23 करोड़ रुपये


इस ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय वित्तीय कनेक्शन भी सामने आए हैं। पुलिस जांच के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच अमेरिका से छह बार में कुल 18,54,690 अमेरिकी डॉलर भारतीय बैंक खातों में भेजे गए। इस रकम की भारतीय मुद्रा में कीमत करीब 15 करोड़ 23 लाख 22 हजार 985 रुपये बताई गई है।


जांच में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में 10 लाख डॉलर यानी करीब 8.17 करोड़ रुपये भारतीय खातों में आए थे। इसके बाद नवंबर 2023 में 10,550 डॉलर, अप्रैल 2024 में 2.50 लाख डॉलर, जुलाई 2024 में 4,24,210 डॉलर, सितंबर 2024 में 1,19,960 डॉलर और अक्टूबर 2024 में 49,970 डॉलर भेजे गए। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अमेरिका से आई रकम किन भारतीय बैंक खातों में जमा हुई और वहां से किन लोगों या कंपनियों तक पहुंची।


पटना के चार पॉश ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी


पुलिस ने पटना में चार प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की। ये सभी रिहायशी अपार्टमेंटों के फ्लैट थे, जहां से गिरोह के सदस्य अपना नेटवर्क संचालित कर रहे थे। छापेमारी किए गए ठिकानों में मेरिडियन इन्क्लेव अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर ए-301, मोटेसरी लेन शामिल है। इसके अलावा राजा बाजार के सुशीला रेजिडेंसी स्थित फ्लैट नंबर 404, एग्जीबिशन रोड के जेडी टावर स्थित फ्लैट नंबर 403 और खगौल के अग्रणी होम्स के एच ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 108 पर भी कार्रवाई की गई।


पुलिस इन ठिकानों से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इन फ्लैटों का इस्तेमाल वेबसाइट संचालन, बैंक खातों के प्रबंधन और पैसों के लेन-देन के लिए किस तरह किया जाता था।


रांची से मुख्य सरगना और पत्नी गिरफ्तार


पुलिस की कार्रवाई में रांची से गिरोह के कथित मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पटना से मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी, कौशल कुमार, चंगु और मोनू कुमार उर्फ मंगू को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा रांची, कोलकाता, प्रयागराज और पटना के अलग-अलग ठिकानों से 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कौन वेबसाइटों का संचालन करता था, कौन सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालता था और कौन बैंक खातों के जरिए पैसों का लेन-देन संभालता था।


हवाई जहाज से करते थे अलग-अलग शहरों की यात्रा


जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि संदीप कुमार गुप्ता, उसकी पत्नी और गिरोह के अन्य सदस्य दिल्ली, रांची और पटना समेत अलग-अलग शहरों के बीच हवाई जहाज से यात्रा करते थे। पुलिस अब उनकी यात्राओं, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दुबई में बैठे कथित सरगना का भारत में सक्रिय सदस्यों से किस तरह संपर्क बना रहता था।


विदेशी सर्वर से बैंक खातों तक पुलिस की जांच


फिलहाल पुलिस की जांच विदेशी सर्वर पर चल रही वेबसाइटों, 44 बैंक खातों, अमेरिका से आए पैसों और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच गई है। 37 हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई का अगला अहम हिस्सा अंतरराष्ट्रीय वित्तीय लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ना है। जांच पूरी होने के बाद ही इस पूरे नेटवर्क के आकार और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।