पालीगंज आत्महत्या मामला: अवैध शराब बिक्री के विरोध पर विवाद के बाद शख्स ने दी जान, अंतिम संस्कार से पहले हरकत में आई पुलिस
पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में 42 वर्षीय युवक ने पत्नी से विवाद के बाद फांसी लगा ली। पुलिस को सूचना दिए बिना सोन नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर एम्स भेजा और एफएसएल जांच शुरू की।
पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र स्थित उदयपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने सोन नदी किनारे से एक 42 वर्षीय युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान उदयपुर गांव निवासी स्व. राम इकबाल चौधरी के पुत्र उमेश चौधरी के रूप में हुई है। परिजन पुलिस को बिना कोई सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे।
अवैध शराब बिक्री के विरोध को लेकर होता था विवाद
जानकारी के अनुसार, उमेश चौधरी की शादी करीब 20 साल पहले कलावती देवी से हुई थी और उनके चार पुत्र व एक पुत्री हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले तीन सालों से पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा और मारपीट हो रही थी। बताया जा रहा है कि पत्नी कथित तौर पर अवैध रूप से शराब बेचती थी, जिसका उमेश विरोध करते थे।
सोमवार रात झगड़े के बाद कमरे में लगाई फांसी
ग्रामीणों ने बताया कि शराब बिक्री के विरोध को लेकर ही सोमवार की रात भी पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ था। इसी बात से आहत होकर उमेश ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
दाह संस्कार से पहले पुलिस ने चिता से उठाया शव
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को खबर करने के बजाय गुपचुप तरीके से शव को जलाने के लिए सोन नदी किनारे पहुंचा दिया। इसी बीच किसी ग्रामीण ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। खबर मिलते ही पालीगंज थाना और महबलीपुर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार से ठीक पहले शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, एफएसएल टीम कर रही जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है और मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता और पारिवारिक विवाद की पृष्ठभूमि को देखते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट