'न्यूज़4नेशन' की खबर का बड़ा असर: रिश्वत और पिटाई मामले में दारोगा सहित दो निलंबित
पटना के पतुत ओपी में दुकानदार को झूठे गांजा केस में उठाकर पीटने और 20 हजार रिश्वत लेने के मामले में पुलिस पर गाज गिरी है। SDPO पालीगंज की जांच रिपोर्ट के बाद पतुत ओपी प्रभारी रोहित कुमार ओझा और ASI सिद्धार्थ शंकर चौधरी को निलंबित कर दिया गया है।
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित रानीतालाब थाना क्षेत्र के पतुत ओपी में एक दुकानदार को जबरन हिरासत में लेने, थर्ड डिग्री देने और रिहाई के एवज में रिश्वत वसूलने के मामले में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर खबर/वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच बैठाई और आरोपों को सही पाते हुए पतुत ओपी प्रभारी रोहित कुमार ओझा (पु०अ०नि०) तथा स०अ०नि० सिद्धार्थ शंकर चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह मामला 21 सितंबर की शाम पतुत बाजार का है, जहां स्थानीय दुकानदार उपेंद्र कुमार को कथित तौर पर गांजे की सात पुड़िया के साथ पकड़ने का दावा करते हुए पुलिस ओपी ले आई थी। आरोप है कि ओपी परिसर में नियमों को दरकिनार कर पुलिसकर्मियों ने युवक की लाठियों से बेरहमी से पिटाई की। हिरासत से छूटने के बाद बिहटा-विक्रम के सरकारी अस्पताल में कराए गए इलाज में भी डॉक्टरों ने शारीरिक हमले (फिजिकल असॉल्ट) और गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि की।
पीड़ित दुकानदार को बर्बरतापूर्वक पीटने के बाद उसे छोड़ने के लिए पुलिस द्वारा 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई। बुरी तरह जख्मी पीड़ित के परिजनों ने देर रात करीब 10 बजे पैसों का बंदोबस्त कर पुलिस को रकम सौंपी। पैसे ऐंठने के बाद पुलिस ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से गांजे को जब्त सूची में दर्ज करने के बजाय खुद दबा लिया और पीड़ित से जबरन एक सादे कागज पर 'अपने परिवार के साथ सुरक्षित घर जा रहा हूँ' लिखवाकर देर रात छोड़ा।
हिरासत से छूटने के बाद पीड़ित उपेंद्र कुमार ने एक वीडियो जारी कर पुलिस की इस कार्यशैली की पोल खोली। वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर प्रमुखता से चलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (SDPO-2), पालीगंज को पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए प्राधिकृत किया।
SDPO-2 पालीगंज की जांच रिपोर्ट में पतुत ओपी पुलिस पर लगे आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोषी पाए गए पतुत ओपी प्रभारी पु०अ०नि० रोहित कुमार ओझा और स०अ०नि० सिद्धार्थ शंकर चौधरी को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू करने का आदेश निर्गत कर दिया गया है।
ऋषिकेश की रिपोर्ट