Bihar News : अरवल में आरएसएस धर्म जागरण प्रशिक्षण वर्ग का हुआ समापन, 'क्रांतिकारी मथुरा सिंह' पुस्तक का हुआ विमोचन
Bihar News : अरवल में धर्म जागरण समन्वय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दक्षिण बिहार प्रांत के प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
ARWAL : अरवल मुख्यालय स्थित फतेहपुर संडा महाविद्यालय में धर्म जागरण समन्वय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), दक्षिण बिहार प्रांत के प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान ‘क्रांतिकारी मथुरा सिंह: मगध के धर्मरक्षक और राष्ट्रवादी संघर्ष की गाथा’ पुस्तक का विमोचन किया गया। पुस्तक का लेखन डॉ. राकेश कुमार एवं ई. सन्नी कुमार कश्यप ने किया है। पुस्तक में मगध की धरती के क्रांतिकारी व्यक्तित्व मथुरा सिंह के जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान तथा राष्ट्रवादी चेतना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
समारोह में अखिल भारतीय धर्म जागरण समन्वय के सह-प्रमुख श्याम कुमार, बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, कुर्था विधायक पप्पू वर्मा, फतेहपुर संडा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राधेश्याम सिंह, महाविद्यालय के बड़ा बाबू, जहानाबाद-अरवल जिला प्रचारक सौरभ, धर्म जागरण के क्षेत्र प्रमुख अरुण, मिथिलेश कुमार सिंह (लेखक सह सहायक कुलसचिव, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय), स्वयंसेवक सह सेवा प्रमुख अजय, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमरकृति कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
पुस्तक के विमोचन के बाद उपस्थित लोगों के बीच पुस्तक का वितरण भी किया गया। पुस्तक प्राप्त करने वाले लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने कहा कि मगध के इतिहास और यहां के राष्ट्रवादी संघर्ष से जुड़े महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों को पुस्तक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह प्रयास महत्वपूर्ण है।
लेखकों डॉ. राकेश कुमार एवं ई. सन्नी कुमार कश्यप ने कहा कि मथुरा सिंह जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के संघर्ष और योगदान को समाज के सामने लाना आवश्यक है, ताकि नई पीढ़ी अपने क्षेत्र के इतिहास, स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रवादी संघर्ष की परंपरा से परिचित हो सके। समापन समारोह में प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका पर भी विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।