Patna Police Raid: नशे के खिलाफ पटना पुलिस की छापेमारी, 20 हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Patna Police Raid:

Patna Police Raid: पटना पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 20 हजार से अधिक प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। इस बरामदगी के साथ ही पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को धर दबोचा है। बरामद इंजेक्शनों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए बताई जा रही है, जो युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के लिए लाए गए थे।

पुलिस ने प्रतिबंधित इंजेक्शन को किया बरामद 

दरअसल, पटना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित इंजेक्शन की अवैध खरीद-बिक्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 मार्च 2026 को रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित इंजेक्शन के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी।

गुप्ता सूचना पर हुई छापेमारी 

सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान 9 कार्टून में रखे करीब 20 हजार से अधिक प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

अवैध नेटवर्क से कई लोग जुड़े 

पुलिस के अनुसार, बरामद इंजेक्शन के स्रोत, सप्लाई चेन और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस पूरे मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पटना सदर-02) रंजन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट